Punjabi University Fee Hike: पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। मंगलवार रात ‘जागो’ निकाल रहे विद्यार्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने छात्रों पर हल्का लाठीचार्ज भी किया।पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्रवाई से नाराज छात्रों ने देर रात विश्वविद्यालय के वीसी आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन में छात्रों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
Punjabi University Fee Hike: पुलिस कार्रवाई पर डीन ने मांगी माफी-
छात्रों का विरोध बढ़ता देख डीन अकादमिक मामले डॉ. जसविंदर बराड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस द्वारा छात्रों पर की गई कार्रवाई को लेकर माफी मांगी। इसके बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
Punjabi University Fee Hike: छात्रों का आरोप- शांतिपूर्ण प्रदर्शन रोकने की कोशिश-
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से ‘जागो’ निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके विरोध-प्रदर्शन को दबाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि इसी वजह से कैंपस में पुलिस की तैनाती की गई है।
फीस बढ़ोतरी के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन-
छात्रों ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को उनकी आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर विरोध को दबाने की कोशिश जारी रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार को छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ रोष मार्च भी निकाला।
AAP नेताओं की एंट्री रोकने की चेतावनी-
फीस बढ़ोतरी के मुद्दे पर छात्रों ने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन अब तक कर्ज माफ नहीं हुआ है। छात्रों ने घोषणा की कि गुरुवार से AAP के मंत्रियों और विधायकों की यूनिवर्सिटी कैंपस में एंट्री का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई मंत्री या विधायक कैंपस में आता है तो उसका विरोध किया जाएगा। छात्रों ने साफ किया कि यूनिवर्सिटी का कर्ज माफ होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें-साइबर सिक्योरिटी से सरकारी सेंटर तक, NTA के सामने 90 दिनों में खुद को रीसेट करने की चुनौती








