Home » बिहार » सरकारी बंगला खाली करने से राबड़ी देवी का इनकार

सरकारी बंगला खाली करने से राबड़ी देवी का इनकार

Rabri Devi House Row: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सरकारी आवास को लेकर विवाद गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने साफ कर दिया है कि वह पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला अपनी मर्जी से खाली नहीं करेंगी। राज्य सरकार ने उन्हें 15 दिनों के भीतर आवास खाली करने का नोटिस दिया है, लेकिन राबड़ी देवी का कहना है कि वह वहां से नहीं हटेंगी।

सरकार ने दिया 15 दिन का समय

भवन निर्माण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है। यह बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। इसके बदले राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है।

Rabri Devi House Row: राबड़ी देवी ने क्या कहा?

दिल्ली से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह यह घर खाली नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना फोर्स बुला ले, लेकिन वह अपनी इच्छा से आवास छोड़ने वाली नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Rabri Devi House Row: मंत्री नंद किशोर राम ने लगाया भेदभाव का आरोप

इस पूरे मामले पर डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद उन्हें काफी समय तक सरकारी आवास नहीं मिला था। बाद में नियमानुसार उन्हें 10 सर्कुलर रोड का बंगला आवंटित किया गया, लेकिन अब तक उसे खाली नहीं किया गया है। नंद किशोर राम ने यह भी आरोप लगाया कि वह दलित समाज से आते हैं और संभव है कि इसी वजह से उनके लिए आवंटित आवास खाली नहीं किया जा रहा हो। मंत्री के इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया है।

2006 से इसी बंगले में रह रही हैं राबड़ी देवी

राबड़ी देवी करीब दो दशक से यानी वर्ष 2006 से 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले में रह रही हैं। हालांकि उन्हें नेता प्रतिपक्ष के तौर पर 39, हार्डिंग रोड स्थित नया आवास आवंटित किया जा चुका है, लेकिन उन्होंने मौजूदा घर छोड़ने से इनकार कर दिया है।

आरजेडी ने बताई वजह

आरजेडी नेताओं का कहना है कि मौजूदा आवास में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है, जो लालू प्रसाद यादव की खराब सेहत को देखते हुए अधिक सुविधाजनक है। पार्टी का तर्क है कि स्वास्थ्य कारणों की वजह से परिवार इस आवास में रहना चाहता है।

राजनीति हुई तेज

Rabri Devi House Row: राबड़ी देवी के आवास खाली करने से इनकार और मंत्री नंद किशोर राम के आरोपों के बाद बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार आगे क्या कदम उठाती है और यह मामला किस दिशा में बढ़ता है।

 

 

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों से भरा ट्रक पलटा, 18 की मौत