Rahul Gandhi Notice: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को विशेषाधिकार समिति ने नोटिस जारी किया है। समिति ने उनसे 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। यह मामला लोकसभा में पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए कथित आरोपों और टिप्पणियों से जुड़ा है।
Rahul Gandhi Notice: अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर शिकायत-
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत करते हुए राहुल गांधी पर सदन में नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने शिकायत को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया।
Rahul Gandhi Notice: नोटिस में राहुल गांधी पर क्या आरोप-
विशेषाधिकार समिति के नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही, उन्होंने नियम 353 के तहत आवश्यक अग्रिम सूचना दिए बिना गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गंभीर और निराधार आरोप लगाए।
संजय जायसवाल की शिकायत भी शामिल-
मामले में भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल का 29 जुलाई 2026 का पत्र भी शामिल किया गया है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा बहस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ इस्तेमाल किए गए कथित असंसदीय शब्दों का संज्ञान लेने और नियमों के तहत उचित कार्रवाई शुरू करने की मांग की थी।
भाषण के दौरान हटाए गए थे कुछ शब्द-
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान एक असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे बाद में सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया। हालांकि, लोकसभा में हुए हंगामे के कारण राहुल गांधी अपना भाषण पूरा नहीं कर पाए थे। अब विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी से पूरे मामले पर 28 अगस्त तक जवाब मांगा है। उनके जवाब के बाद समिति आगे की कार्रवाई पर विचार कर सकती है।
यह भी पढ़े- मणिपुर में बड़ी कार्रवाई: 13 उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद








