RAJASTHAN NEWS: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित पुलिस क्वार्टर में एक महिला कांस्टेबल द्वारा सुसाइड किए जाने की सूचना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू करवाई गई। महिला कॉन्स्टेबल का नाम सोम कुंवर बताया जा रहा है, जो प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल क्षेत्र की निवासी थी।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल की ईद पर्व को लेकर गुरुवार को सुबह की पारी में ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची। इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका के चलते पर जब पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर स्थित क्वार्टर पर जाकर देखा गया तो महिला कांस्टेबल मृत अवस्था में मिली। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
RAJASTHAN NEWS: SP समेत कई अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक एसपी बी. आदित्य, उपखंड अधिकारी और छोटीसादड़ी सीओ मौके पर पहुंचे। प्रतापगढ़ से एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास के कई थानों की पुलिस टीम भी जांच में जुट गई है।
परिजनों ने जताया संदेह
महिला कांस्टेबल के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रात करीब 9 बजे उनकी फोन पर बातचीत हुई थी और वह सामान्य लग रही थीं। उन्होंने एफएसएल जांच की मांग करते हुए पूरे मामले की गहन जांच कराने की अपील की है।
RAJASTHAN NEWS: मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… कनाडा में गुजराती छात्रा की चाकू मारकर हत्या








