Canada News: कनाडा में एक बार फिर भारतीय नागरिक की हत्या का मामला सामने आया है। गुजरात की रहने वाली 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि मेघा की नायग्रा इलाके में चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद भारतीय समुदाय में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी छात्रा
मृतका की पहचान गुजरात के आनंद जिले के बोरसद की रहने वाली विधि कल्पेशकुमार मेघा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विधि करीब चार साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी। वह वहां पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर रही थी और स्थायी निवास (PR) तथा वर्क परमिट की तैयारी में जुटी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, विधि 15 मई से अचानक लापता हो गई थी। परिवार और दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में अमेरिकी बॉर्डर के पास नायग्रा क्षेत्र में उसका शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि अज्ञात हमलावर ने धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
Canada News: मौजूद लोगों में दहशत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला कथित तौर पर लूट के इरादे से किया गया था। घटना सार्वजनिक स्थान पर हुई, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में विधि को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कनाडाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
विदेशों में पढ़ाई और नौकरी करने वाले भारतीय छात्रों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासतौर पर कनाडा में हाल के वर्षों में भारतीय नागरिकों के साथ हिंसा, लूट और हत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विधि मेघा की हत्या ने एक बार फिर विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े… कौन हैं हर्ष मल्होत्रा? जिन्हें भाजपा ने सौंपी दिल्ली संगठन की कमान








