RAM MANDIR NEWS: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर हमला तेज कर दिया है। सपा नेता पवन पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा विवादित पोस्टरों के जरिए असली मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इससे चढ़ावा चोरी का मामला दबने वाला नहीं है।
पवन पांडेय ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण से भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की छवि को नुकसान पहुंचा है। उनका दावा है कि जनता इस मामले में जवाब मांग रही है, इसलिए सपा नेताओं को निशाना बनाकर पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
RAM MANDIR NEWS: “पोस्टर नहीं, कार्रवाई चाहिए”
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव समेत सपा नेताओं के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों से पार्टी डरने वाली नहीं है। इस मामले में समाजवादी पार्टी कानूनी कार्रवाई करेगी और अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
ट्रस्ट की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
पांडेय ने मांग की कि कथित दान चोरी मामले में जिन लोगों की भूमिका रही है, उनके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा के लिए राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और हर दान का स्पष्ट हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।
RAM MANDIR NEWS: सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
सपा नेता ने एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अयोध्या के अधिकांश लोग जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट और सरकार की मिलीभगत के आरोपों की निष्पक्ष जांच केवल सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में ही संभव है।
शंकराचार्यों को ट्रस्ट में शामिल करने की मांग
पांडेय ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट में देश के प्रमुख शंकराचार्यों, अयोध्या के संत-महंतों और भगवान श्रीराम से जुड़े पारंपरिक धार्मिक प्रतिनिधियों को भी स्थान मिलना चाहिए, ताकि मंदिर प्रबंधन अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन सके।
ये भी पढ़े… SIR को लेकर OP राजभर का सपा पर हमला बोले- ‘लोगों को स्वर्ग से लेकर आते है अखिलेश यादव’








