Ramayana Movie Trailer: फिल्म ‘रामायण: प्रथम संकल्प’ का ट्रेलर शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और फिल्म की पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। मेकर्स ने घोषणा की कि फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।
रणबीर कपूर समेत स्टार कास्ट पहुंची इवेंट में
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर, सीता के किरदार में साई पल्लवी, रावण के रोल में यश, हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल, लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे और अन्य कलाकार शामिल हुए। इस दौरान रणबीर कपूर ने सनी देओल के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।वहीं, मंच पर यश ने हिंदी में बात करने की कोशिश की। इस दौरान बोलते हुए उनसे एक छोटी गलती हो गई। उन्होंने गलती से ‘अवसर’ (मौका) की जगह ‘अवकाश’ (छुट्टी) शब्द बोल दिया। उनकी इस गलती ने इवेंट में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया।
🏹 #Ramayana trailer leaked from Bharat Mandapam Event 🔥
This is looking Spectacular 🧨🧨#Yash #Saipallavi #Ranbirkapoor pic.twitter.com/RtM0d0FI0f
— Om ✨ (@Girish__28) July 18, 2026
ट्रेलर में दिखी फिल्म की भव्य दुनिया
करीब चार मिनट लंबे ट्रेलर में फिल्म के शानदार विजुअल्स, बड़े स्तर पर तैयार की गई दुनिया और मुख्य किरदारों की पहली विस्तृत झलक दिखाई गई। ट्रेलर में फिल्म की भव्यता, आधुनिक तकनीक और बड़े पैमाने पर किए गए निर्माण की झलक देखने को मिली।मेकर्स के मुताबिक, फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं इसका दूसरा भाग यानी ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।
बाबा रामदेव और कुमार विश्वास की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव और कवि कुमार विश्वास भी शामिल हुए। इवेंट के दौरान बाबा रामदेव ने मंच पर योग करके दर्शकों को भी दिखाया।बाबा रामदेव ने फिल्म के 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर मजेदार बात साझा की। उन्होंने हंसते हुए कहा कि जब उन्होंने पहली बार सुना कि फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये है, तो यह सुनकर उनकी समाधि लग गई।
इस पर कुमार विश्वास ने मजाक करते हुए कहा, “स्वामी जी, आपका खुद का पतंजलि साम्राज्य तो 2 लाख करोड़ रुपए का है।” कुमार विश्वास की इस बात पर रणबीर कपूर समेत पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।इसके बाद बाबा रामदेव ने योग और अध्यात्म से जुड़ी बातें भी साझा कीं। उनकी बातों को सुनकर रणबीर कपूर मुस्कुराते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान रणबीर कपूर और साई पल्लवी ने मंच पर जाकर बाबा रामदेव का अभिवादन किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

रणबीर ने काला चश्मा पहनने की बताई वजह
इवेंट में रणबीर कपूर काला चश्मा पहने हुए नजर आए। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं एक चीज कहना चाहूंगा कि ये काला चश्मा पहनने के लिए मैं आप सभी से माफी मांगता हूं। मेरी आंखों में इन्फेक्शन हुआ है, लेकिन आज इस शुभ अवसर पर मेरे दिल में सिर्फ अफेक्शन (प्यार) है।”
सनी देओल बोले- हनुमान का किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण
फिल्म में हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल ने कहा कि वह इस भूमिका को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं वाहेगुरु जी का शुक्रिया करता हूं कि मुझे हनुमान जी के किरदार को निभाने का मौका मिला। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि इसे सही तरह से निभा सकूं, क्योंकि हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं है। लेकिन इसे निभाने में बहुत मजा आएगा, क्योंकि वह नटखट, मासूम, ताकतवर हैं, सभी के प्यारे हैं और राम जी के भक्त हैं।”सनी देओल ने आगे कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि पूरे देश में हर हिंदुस्तानी यह फिल्म जरूर देखने जाएगा।

‘रामायण’ की स्टार कास्ट और बजट से जुड़ी जानकारी
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, साल 1987 के मशहूर टीवी शो ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे।फिल्म का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल करता है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म ‘दंगल’ बनाई थी।
ए.आर. रहमान और हैंस जिमर देंगे संगीत
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हैंस जिमर तैयार कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर कर रहे हैं।यह फिल्म IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज होगी। इसके विजुअल इफेक्ट्स (VFX) का काम ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG और प्राइम फोकससंभाल रहे हैं।मेकर्स ने फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने का फैसला किया है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।








