Reel making accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नहर किनारे रील बना रहीं चार लड़कियां पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गईं। हादसे में दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक अभी भी लापता है। एक लड़की तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रही।
रील बनाते समय हुआ हादसा
घटना बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव की है, जहां गुरुवार सुबह करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पांच लड़कियां नहर पर नहाने गई थीं, जिनमें से चार किनारे पर मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे बहाव में बह गईं।
Reel making accident: बचाने की कोशिश नाकाम
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि लड़कियां हाथ से निकल गईं। एक लड़की, जिसे तैरना आता था, किसी तरह बाहर निकल आई। उसने अपनी सहेलियों को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
Reel making accident: 4 घंटे बाद मिले दो शव
पुलिस और SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 4 घंटे बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग 1 किमी दूर बरामद किए गए। तीसरी लड़की तनु पटेल (14) की तलाश जारी है।
शादी में आई थीं सभी लड़कियां
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, सभी लड़कियां एक ही परिवार की थीं और गांव में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं।
यह भी पढे़ : बंगाल में टीएमसी की दादागिरी आई सामने कुमारगंज में बीजेपी प्रत्याशी को दौड़कर पीटा








