Rohit Sharma TV Show: रोहित शर्मा इन दिनों काफी चर्चा में हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, जबकि वनडे क्रिकेट में खेलना जारी रखे हुए हैं। हालांकि, टीम में उनकी जगह को लेकर आए दिन अटकलें सामने आती रहती हैं। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर भी लगातार चर्चा चल रही है। इसी बीच रोहित शर्मा अब टीवी पर डेब्यू करने वाले हैं। वह ‘फैमिली फुल हाउस’ शो में होस्ट की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या टीवी शो करने के बाद भी रोहित अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जारी रख पाएंगे? इसको लेकर BCCI के नियम को समझना जरूरी है।
Rohit Sharma TV Show: बतौर होस्ट रोहित शर्मा का दिखेगा जलवा-
क्रिकेट के बाद अब रोहित शर्मा टीवी पर अपना जलवा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनके शो ‘फैमिली फुल हाउस’ का प्रीमियर 19 सितंबर को होने वाला है। यह शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा। रोहित ने इस नए कदम से फैंस को भी चौंका दिया है। शो का प्रमोशन जोरदार अंदाज में किया जा रहा है। प्रोमो में रोहित के चर्चित ‘गार्डन’ वाले कमेंट को भी दिखाया गया है। रोहित की वजह से शो ने क्रिकेट फैंस का भी ध्यान खींचा है और अब सभी उनके नए अवतार को देखने के लिए उत्सुक हैं।
Rohit Sharma TV Show: क्या BCCI का है कोई नियम-
रोहित शर्मा के टीवी शो होस्ट करने के बाद कुछ लोगों का मानना है कि वह जल्द ही क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। इससे उनके वनडे करियर को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, अगर कोई सक्रिय क्रिकेटर टीवी शो होस्ट करता है तो वह इसके साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट भी खेल सकता है। BCCI के नियमों में ऐसी कोई रोक नहीं है। BCCI के नियम में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि कोई सक्रिय क्रिकेटर टीवी शो होस्ट नहीं कर सकता। इस लिहाज से रोहित शर्मा टीवी शो के साथ-साथ अपना वनडे करियर भी जारी रख सकते हैं।
2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा-
BCCI की ओर से भी संकेत मिले हैं कि रोहित शर्मा अगले साल वनडे वर्ल्ड कप में नजर आ सकते हैं। हाल ही में मुंबई में BCCI की बैठक हुई थी। बैठक के बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया से रोहित के भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया। सैकिया ने कहा, “रोहित शर्मा मुकाबलों में अच्छा खेल रहे हैं। आप लोगों को और क्या चाहिए? पिछले मुकाबले में उन्होंने शतक बनाया था। तो फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? मैं अटकलें लगाने वाले लोगों को बिल्कुल भी मौका नहीं देना चाहता हूं।” ऐसे में फिलहाल टीवी शो में रोहित की एंट्री का उनके वनडे करियर पर कोई सीधा असर पड़ता नहीं दिख रहा है।
यह भी पढ़े- Weekend Trip: दिल्ली वालों के लिए लॉन्ग वीकेंड, निकल पड़िए किन्नौर घूमने








