Guwahati Hotel Firing: असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार देर रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, मरने वाले 5 लोगों में से 4 एक ही परिवार के थे और होटल में काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और फिर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
Guwahati Hotel Firing: रिसेप्शन के पास मिले शव
गोलीबारी के बाद सामने आए एक वीडियो में होटल के रिसेप्शन के पास शव पड़े दिखाई दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटनास्थल से शुरुआत में 4 शव बरामद किए गए थे। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई।
होटल के लीज समझौते को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, गोलीबारी की वजह होटल के मालिक और होटल को लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच चल रहा विवाद था। आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल होटल को लीज पर लिया था। पिछले कुछ समय से होटल के लीज समझौते को लेकर उसका होटल मालिक के परिवार के साथ विवाद चल रहा था।सोमवार रात भी इसी मुद्दे पर आरोपी और होटल मालिक के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर घनकांत गोगोई ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से कई राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना में 5 लोगों की जान चली गई।जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि होटल के मालिक ने अपनी संपत्ति अलग-अलग लोगों को लीज पर दे रखी है। हालांकि, पुलिस अभी भी गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

Guwahati Hotel Firing: बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी लगी गोली
यह घटना सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी में होटल के कुछ कर्मचारी भी घायल हुए। जब हमलावर ने लगातार गोलियां चलाईं, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान कई लोग गोलियों की चपेट में आ गए।पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई की और करीब एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।
तीन मृतकों की पहचान हुई, दो की जानकारी बाकी
पुलिस ने मृतकों में से तीन की पहचान हेलेना भराली, देबोरशी कश्यप और नारायण दास के रूप में की है। बाकी दो मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।गोलीबारी में बचने वाले व्यक्ति की पहचान सत्येन पाठक के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।घटना के बाद इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। असम कांग्रेस ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
Guwahati Hotel Firing: लखनऊ में भी हुई थी तीन लोगों की हत्या
इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी गोलीबारी की एक घटना सामने आई थी। सआदतगंज इलाके में सुबह करीब 10:30 बजे कार खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद फायरिंग की गई थी। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई थी।








