Home » बिहार » बिहार के सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा, पैसेंजर ट्रेन की बोगी में भड़की भीषण आग, दमकल टीम ने पाया काबू

बिहार के सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा, पैसेंजर ट्रेन की बोगी में भड़की भीषण आग, दमकल टीम ने पाया काबू

Sasaram Train Fire: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सुबह साढ़े 5 बजे मिली आग लगने की सूचना

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े 5 बजे ट्रेन में आग लगने की खबर सामने आई। जैसे ही सूचना मिली, सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।

सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा
सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा

Sasaram Train Fire: ट्रेन की पांचवीं बोगी में लगी आग

बताया जा रहा है कि सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान इंजन की तरफ से पांचवीं बोगी में अचानक आग लग गई। कुछ ही समय में आग तेजी से फैलने लगी और स्थिति गंभीर हो गई। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के दौरान स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया। समय रहते कार्रवाई होने की वजह से आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिलने के बाद तुरंत टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई कैजुअल्टी नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर आग कैसे लगी।

Sasaram Train Fire: सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा
सासाराम स्टेशन पर बड़ा हादसा

करीब 2 घंटे बाद ट्रेन रवाना करने की तैयारी

आग बुझाने के बाद रेलवे प्रशासन ने जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग करने की प्रक्रिया शुरू की। साथ ही ट्रेन के समय में बदलाव किया गया। जानकारी के अनुसार, करीब दो घंटे बाद ट्रेन को रवाना करने की तैयारी जारी रही।

ये भी पढ़ें:  मेक्सिको के प्यूब्ला में अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 10 लोगों की हत्या कर दी