Home » उत्तर प्रदेश » योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी

योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी

School Cook Salary Hike: यूपी स्कूल रसोइयों की सैलरी बढ़ी

School Cook Salary Hike: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने रसोइयों के मासिक मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के जरिए मंजूर हुए इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 53 हजार से ज्यादा रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा। अब रसोइयों को हर महीने 2,000 रुपये की जगह 3,000 रुपये मानदेय मिलेगा। सरकार के इस फैसले को लंबे समय से मानदेय बढ़ने का इंतजार कर रहे रसोइयों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

योगी सरकार का रसोइयों को बड़ा तोहफा

योगी सरकार के फैसले के बाद रसोइयों के मानदेय में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा रसोइयों को हर साल यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये और दस्तानों के लिए 400 रुपये भी दिए जाते हैं। सरकार के इस फैसले से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों रसोइयों को फायदा मिलेगा। ये रसोइए सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं।

School Cook Salary Hike: तीसरी बार बढ़ाया गया मानदेय

योगी सरकार के कार्यकाल में रसोइयों के मानदेय में यह तीसरी बढ़ोतरी है। साल 2019 में मानदेय 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये किया गया था। इसके बाद अप्रैल 2022 में इसे बढ़ाकर 2,000 रुपये किया गया। अब सरकार ने एक बार फिर 1,000 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 3,000 रुपये कर दिया है। इस तरह सरकार ने लगातार अलग-अलग चरणों में रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की है।

कैबिनेट बाई सर्कुलेशन से मंजूरी

रसोइयों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के जरिए मंजूरी दी गई है। इस प्रक्रिया में किसी प्रस्ताव पर औपचारिक कैबिनेट बैठक बुलाने के बजाय प्रस्ताव की फाइल सभी मंत्रियों के पास भेजी जाती है और उनकी सहमति के बाद फैसला मंजूर किया जाता है। सरकार की ओर से लिया गया यह फैसला रसोइयों की लंबे समय से चली आ रही मानदेय बढ़ाने की मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

School Cook Salary Hike: 5 साल बाद बढ़ा मानदेय, 3.53 लाख को फायदा

प्रदेश में करीब 3.53 लाख रसोइए सरकारी स्कूलों में काम कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत है। रसोइयों का मानदेय करीब पांच साल से नहीं बढ़ा था, जिसके चलते लंबे समय से इसमें वृद्धि की मांग की जा रही थी। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की है। इसके अलावा शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों समेत शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। ऐसे में रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी को योगी सरकार की ओर से बड़ा राहत भरा फैसला माना जा रहा है।