Home » हिमाचल » सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो: 4 की मौत, 9 घायल

सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो: 4 की मौत, 9 घायल

संगड़ाह में दर्दनाक हादसा, 4 की मौत

Sirmaur Road Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं।घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें शुरुआती इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

शव गांव ले जाने के लिए किराये पर ली थी बोलेरो

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना मंगलवार रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास हुई। पुलिस को दिए बयान में गांव चिनाड निवासी सुनील शर्मा, पुत्र राम स्वरूप, ने बताया कि 11 अगस्त को उनके ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।जगदीश शर्मा के शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर (HP 79-4595) किराये पर ली गई थी। इस वाहन को संगड़ाह तहसील के डूंगी, डाकघर लाना पालर निवासी कपिल देव, पुत्र वीरेंद्र, चला रहे थे।

अंतिम संस्कार में जाने के लिए लोग वाहन में बैठे

पुलिस के अनुसार, जब बोलेरो गांव चिनाड के पास पहुंची तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ अन्य लोगों ने भी वाहन में सवार हो गए। इसके बाद बोलेरो गतलोग की तरफ रवाना हुई।गतलोग के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बोलेरो सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक सहित नौ लोग घायल हो गए।

हादसे में इन चार लोगों की मौत

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • राजेन्द्र (37), पुत्र नूपा राम, निवासी गांव अरलू, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
  • देस राज (23), पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव अरलू, डाकघर भूजौंड
  • रिखी राम (58), पुत्र जागर सिंह, निवासी गांव चिनाड, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
  • राम गोपाल (62), पुत्र गंगा राम, निवासी गांव चिनाड, डाकघर भूजौंड, तहसील नौहराधार
नौ लोग घायल, चार की हालत गंभीर

हादसे में घायल हुए लोगों में बृज मोहन (62), कृपा राम (61), देवेन्द्र सिंह (44), सुनील शर्मा (21), राम स्वरूप (44), जय प्रकाश (45), संदीप (21), कमलेन्द्र (48) और वाहन चालक कपिल देव (39) शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को हादसे में ज्यादा चोटें आई हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। वहीं, बाकी घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम और जांच जारी

दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों का पोस्टमार्टम CHC संगड़ाह में कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।फिलहाल शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण बोलेरो खाई में जा गिरी। हालांकि, हादसे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।गौरतलब है कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई थी। वहां एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़े- संसद में चंदे की बोरी लेकर पहुंची सपा, ₹1.57 लाख जुटाए: अब कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में होगा जमा