SP MPs Protest: समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन के बाहर अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं का आरोप है कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा नहीं कर रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर इस मामले पर जवाब दें।प्रदर्शन के दौरान सपा सांसदों ने झारखंड में चल रहे छात्रों के आंदोलन, प्रयागराज में कांग्रेस के ‘स्टूडेंट्स की गूंज’ कार्यक्रम सहित कई अन्य मुद्दों को भी उठाया।
झारखंड छात्र आंदोलन पर विपक्ष का समर्थन
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर कहा कि झारखंड देश का एक अहम राज्य है और पूरा विपक्ष छात्रों के समर्थन में खड़ा है। उन्होंने बताया कि छात्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली पांच सदस्यीय समिति राज्य सरकार से मुलाकात करने वाली है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से छात्रों के मुद्दों पर क्या जवाब और क्या आश्वासन दिया जाता है, यह बैठक के बाद ही साफ होगा। इसलिए अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा।
पीडीए को लेकर सपा का रुख
सपा सांसद आनंद भदौरिया ने पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की विचारधारा पर बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों का सम्मान करती आई है।उन्होंने कहा कि हाल ही में लखनऊ में ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्रा की जयंती मनाई गई, जो इस बात का प्रमाण है कि पार्टी सभी समुदायों और वर्गों को महत्व देती है।
आनंद भदौरिया ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पीडीए केवल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग तक सीमित नहीं है। इसमें महिलाएं, आदिवासी, समाजवादी विचारधारा से जुड़े सवर्ण और समाज के दबे-कुचले वर्ग भी शामिल हैं।

‘स्टूडेंट्स की गूंज’ कार्यक्रम पर सरकार पर हमला
प्रयागराज में कांग्रेस के ‘स्टूडेंट्स की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने के मामले में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि छात्र अपनी आवाज उठाएं या किसी भी तरह के कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बच रही है, लेकिन छात्र और विपक्ष लगातार इन मुद्दों को उठाते रहेंगे।
महिला आरक्षण कानून पर केंद्र सरकार को घेरा
धर्मेंद्र यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को अपनी उपलब्धि के रूप में पेश किया था।उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह कानून सरकार की अपनी उपलब्धि है, तो अब नए विधेयक की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले भी इस कानून के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठा चुका है और अभी भी सरकार की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यूपी सरकार पर ब्राह्मण समाज को लेकर आरोप
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि अगर किसी भी ब्राह्मण परिवार से बात की जाए तो वह बताएगा कि मौजूदा राज्य सरकार के कार्यकाल में ब्राह्मण समाज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार करने में असफल रही है।
संसद न चलने को लेकर सरकार पर आरोप
सपा सांसद इकरा हसन ने संसद की कार्यवाही को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे मानसून सत्र में सदन केवल एक दिन ही सही तरीके से चल पाया है और संसद को सुचारु रूप से चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को भरोसा दिया गया था कि पुलिस की कथित बर्बरता और अत्याचार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। सरकार जवाब देगी और विपक्ष को भी अपनी बात रखने का मौका मिलेगा, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है।
पीडीए को बताया व्यापक सामाजिक मंच
इकरा हसन ने पीडीए की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि यह केवल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों तक सीमित नहीं है।उन्होंने कहा कि पीडीए में महिलाएं, आदिवासी, वंचित सवर्ण वर्ग, पंडित और वे सभी लोग शामिल हैं जो सरकार की विचारधारा से सहमत नहीं हैं या खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। उनके अनुसार पीडीए एक व्यापक सामाजिक और राजनीतिक मंच है।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर अक्षय यादव का हमला
सपा सांसद अक्षय यादव ने परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मौजूदा परिसीमन प्रस्ताव का विरोध करती है।उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकारों का सबसे ज्यादा विरोध करने वाली पार्टी भाजपा है। छात्राओं के आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकार की महिलाओं के प्रति सोच साफ दिखाई देती है।
अक्षय यादव ने यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता को लोकतांत्रिक तरीके से कार्यक्रम करने की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे।
रामजी लाल सुमन ने लगाए तानाशाही के आरोप
वहीं, सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने प्रयागराज में कांग्रेस के कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने को लेकर सरकार पर हमला बोला।उन्होंने सरकार को तानाशाही सोच वाला बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि कोई भी व्यक्ति या संगठन उसके खिलाफ अपनी बात न रख सके।
यह भी पढ़े- बांग्लादेश में शाकिब अल हसन के घर हमला: पत्थरबाजी और आग लगाने की कोशिश, हसीना से जुड़ाव पर विवाद








