Spain Train Accident: स्पेन में बुधवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जहां दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई। हादसा राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाले रेल मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Spain Train Accident: दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई भीषण टक्कर
स्पेन के रेल नेटवर्क संचालक एडिफ के अनुसार, हादसे में दो हाई-स्पीड ट्रेनें शामिल थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, 146 यात्रियों को लेकर जा रही इर्यो (Iryo) ट्रेन की टक्कर 397 यात्रियों से भरी रेन्फे (Renfe) ट्रेन से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
Spain Train Accident: मलबे में तब्दील हुए ट्रेन के कई डिब्बे
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ट्रेनों के कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में घटनास्थल पर दूर-दूर तक मलबा बिखरा दिखाई दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया। राहतकर्मियों ने घायलों को बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 46 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी रखा गया है।
स्पेन के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वह टोलेडो में हुए गंभीर रेल हादसे से स्तब्ध हैं। उन्होंने बताया कि वह परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते और कास्टिया-ला मंचा के राष्ट्रपति एमिलियानो गार्सिया-पेज के लगातार संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर के बाद स्पेन के रेल नेटवर्क पर इस दुर्घटना को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों की प्राथमिकता घायलों को उपचार उपलब्ध कराना, प्रभावित यात्रियों की मदद करना और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाना है।
यह भी पढ़े- SIR पर सुप्रीम कोर्ट के तीखे सवाल, 43 लाख मतदाताओं पर क्या होगा फैसला?








