Home » News » SpiceJet AC Failure: दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में एसी फेल, भीषण गर्मी से बेहाल हुए यात्री; टेकऑफ से पहले मचा हंगामा

SpiceJet AC Failure: दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में एसी फेल, भीषण गर्मी से बेहाल हुए यात्री; टेकऑफ से पहले मचा हंगामा

SpiceJet AC Failure: दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में एसी फेल, भीषण गर्मी से बेहाल हुए यात्री; टेकऑफ से पहले मचा हंगामा

SpiceJet AC Failure: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर स्पाइसजेट की दिल्ली से पुणे जाने वाली उड़ान में बोर्डिंग के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक बंद हो गया। केबिन में गर्मी और घुटन बढ़ने से यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने उड़ान भरने से ठीक पहले जमकर विरोध किया।यात्रियों के मुताबिक, बोर्डिंग पूरी होने के बाद विमान के अंदर एसी ने काम करना बंद कर दिया। देखते ही देखते केबिन का तापमान बढ़ने लगा और यात्रियों को उमस तथा घुटन का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक राहत नहीं मिलने पर कई यात्री परेशान हो गए और उन्होंने क्रू मेंबर्स से शिकायत की।स्थिति बिगड़ने के बाद यात्रियों ने विमान के अंदर ही विरोध शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों ने सीटों पर रखी मैगजीन और कागजों से हवा करके गर्मी से राहत पाने की कोशिश की।

बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी का दावा

विमान में छोटे बच्चों और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। यात्रियों का आरोप है कि एसी बंद होने के साथ पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं मिलने से केबिन में हवा भी भारी हो गई। कुछ यात्रियों ने सांस लेने में परेशानी और बेचैनी की शिकायत की।हालात को देखते हुए यात्रियों ने टेकऑफ से पहले ही उड़ान रोकने की मांग की। इसके बाद कई यात्री विमान से उतरकर टर्मेक पर आ गए और एयरलाइन की व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई। विरोध के बाद विमान को वापस बे में लाया गया।

SpiceJet AC Failure: सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी सामने आए हैं। वीडियो में कुछ यात्री विमान के अंदर गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं और मैगजीन व कागजों से हवा करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वाले एक यूजर ने दावा किया कि विमान में पहले से तकनीकी खराबी थी और इसके बावजूद यात्रियों की बोर्डिंग कराई गई।हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर एयरलाइन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया और तकनीकी खराबी की विस्तृत वजह सामने आना अभी बाकी है।

SpiceJet AC Failure: यात्रियों ने उठाए सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद यात्रियों ने एयरलाइन की तैयारियों और विमान की तकनीकी स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि विमान में पहले से कोई तकनीकी समस्या थी, तो उसे दूर किए बिना बोर्डिंग नहीं कराई जानी चाहिए थी। खासतौर पर गर्म मौसम में विमान के केबिन में एसी और वेंटिलेशन का ठीक से काम करना यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ बेहद जरूरी है।फिलहाल यात्रियों के विरोध के बाद विमान को वापस बे में लाए जाने की जानकारी है। घटना के कारण उड़ान के संचालन पर कितना असर पड़ा और यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए क्या व्यवस्था दी गई, इसकी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

ये भी पढ़े…….कहीं फ्लाइट का इंजन फेल, कहीं AC खराब तो कहीं पायलट पर नशे का आरोप, भारतीय उड़ानों की सुरक्षा पर उठे सवाल