SpiceJet Flight Cancelled: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की पुणे जाने वाली उड़ान को लेकर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट संख्या SG 939 को तकनीकी कारणों से पहले कई घंटे देरी हुई और बाद में इसे रद्द कर दिया गया। इस दौरान 180 से अधिक यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
SpiceJet Flight Cancelled: यात्रियों ने एयरलाइन पर लगाए लापरवाही के आरोप-
यात्रियों के अनुसार, बोर्डिंग टाइम रात 8:45 बजे तय था और फ्लाइट को रात 9:15 बजे उड़ान भरनी थी। लेकिन छह घंटे से अधिक समय तक इंतजार के बावजूद एयरलाइन की ओर से उड़ान की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
इससे नाराज यात्रियों और स्पाइसजेट कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों को बुलाना पड़ा।
SpiceJet Flight Cancelled: यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा की परेशानी-
यात्री रमेश चंद्र सोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने बोर्डिंग पास की तस्वीर पोस्ट करते हुए डीजीसीए, प्रधानमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान में लंबे समय से मेंटेनेंस का काम चल रहा था और यात्रियों को फ्लाइट की सुरक्षा को लेकर भी चिंता थी।
डायबिटीज मरीज यात्री ने बताई परेशानी-
रमेश सोनी ने बताया कि लंबे इंतजार के दौरान खाने-पीने की व्यवस्था नहीं होने से उनकी तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने कहा कि रात 2 बजे से 3:30 बजे तक भी यात्रियों को फ्लाइट की सही स्थिति की जानकारी नहीं दी गई।
यात्रियों ने जांच की मांग की-
यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से मामले की जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि इतने लंबे इंतजार के बावजूद एयरलाइन की ओर से न तो उचित सुविधा दी गई और न ही समय पर जानकारी उपलब्ध कराई गई।
स्पाइसजेट ने तकनीकी खराबी को बताया कारण-
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि 27 जुलाई को दिल्ली से पुणे जाने वाली उड़ान SG 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले विलंबित हुई और बाद में रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए अतिरिक्त उड़ान की व्यवस्था की और असुविधा के लिए खेद जताया।
यह भी पढ़े- PoK में हिंसा के बीच चुनाव, भारत ने किया विरोध, 19 की मौत का दावा








