Spider-Man Box Office: टॉम हॉलैंड और ज़ेंडया की फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ रिलीज़ के बाद से दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन कर रही है। भारत में भी फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि रिलीज़ के सिर्फ 6 दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। ऐसा करने वाली यह भारत की पहली हॉलीवुड फिल्मबन गई है। डेस्टिन डैनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत में 30 जुलाई और दुनिया भर में 31 जुलाई को रिलीज़ हुई थी।
छठे दिन भी जारी रही शानदार कमाई
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज़ के छठे दिन यानी मंगलवार को 21.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया।फिल्म की अंग्रेज़ी भाषा की कुल ऑक्यूपेंसी 24.97% दर्ज की गई। इनमें सबसे ज्यादा दर्शक नाइट शो में पहुंचे, जहां ऑक्यूपेंसी 33% रही। इसके बाद शाम के शो में 28.89%, दोपहर के शो में 22.33% और सुबह के शो में 15.67% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
पहले वीकेंड में हुई रिकॉर्डतोड़ कमाई
फिल्म ने पहले दिन 60.60 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की। दूसरे दिन कमाई में हल्की गिरावट आई और फिल्म ने 49.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।इसके बाद पहले वीकेंड में फिल्म ने जबरदस्त उछाल दिखाया। शनिवार को 70.25 करोड़ रुपये और रविवार को 77.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई हुई।छह दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 303.25 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
सोमवार को दिखी कमाई में गिरावट
शानदार वीकेंड के बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली। रिलीज़ के पांचवें दिन फिल्म ने 23.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया।इसके बावजूद फिल्म ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। यह भारत में सबसे तेज़ 200 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई। फिल्म ने रिलीज़ के केवल तीन दिनों में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।फिल्म में टॉम हॉलैंड के साथ ज़ेंडया, मार्क रफालो, जॉन बर्नथल और सैडी सिंक भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। सभी कलाकारों के अभिनय को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ स्पाइडर-मैन फ्रेंचाइज़ी की चौथी फिल्म है, जिसमें टॉम हॉलैंड एक बार फिर पीटर पार्कर के किरदार में दिखाई दिए हैं।फिल्म की कहानी पीटर पार्कर की नई जिंदगी पर आधारित है। डॉक्टर स्ट्रेंज के जादू के कारण पूरी दुनिया उसकी असली पहचान भूल चुकी है। यहां तक कि उसके अपने करीबी लोग भी उसे पहचान नहीं पाते। ऐसे में पीटर अपनी जिंदगी को दोबारा शुरू करने की कोशिश करता है। लेकिन जब सब कुछ सामान्य होने लगता है, तभी एक नया और खतरनाक दुश्मन सामने आ जाता है, जो उसे फिर से स्पाइडर-मैन बनकर दुनिया की रक्षा करने के लिए मजबूर कर देता है।
यह भी पढ़े- देशभर में बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, झारखंड में 13 और यूपी में 3 लोगों की मौत








