Home » बिज़नेस » Stock Market: लगातार चौथे दिन शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 78 हजार के पार; निवेशकों ने कमाए 8.51 लाख करोड़ रुपये

Stock Market: लगातार चौथे दिन शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 78 हजार के पार; निवेशकों ने कमाए 8.51 लाख करोड़ रुपये

Stock Market : भारतीय शेयर बाजार में जुलाई की शुरुआत शानदार रही है। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार किया, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा है। इस दौरान सेंसेक्स 78 हजार के स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी भी 24,390 के ऊपर कारोबार करता नजर आया। बीते चार कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में 1,700 से अधिक अंकों और निफ्टी में 528 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भू-राजनीतिक तनाव कम होने से आने वाले दिनों में भी बाजार में सकारात्मक रुख बना रह सकता है।

सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 430.45 अंकों की बढ़त के साथ 78,194.36 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी करीब 123 अंकों की तेजी के साथ 24,393.70 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया।

Stock Market

जुलाई के शुरुआती चार कारोबारी दिनों में बाजार ने लगातार मजबूती दिखाई। एक जुलाई को सेंसेक्स 444 अंक और निफ्टी 140 अंक चढ़ा। दो जुलाई को सेंसेक्स में 579 अंक तथा निफ्टी में 170 अंकों की तेजी दर्ज हुई। तीन जुलाई को सेंसेक्स 262 अंक और निफ्टी 95 अंक मजबूत हुआ। वहीं, छह जुलाई को सेंसेक्स में 430 अंक और निफ्टी में 123 अंकों की बढ़त देखने को मिली। लगातार सकारात्मक प्रदर्शन ने बाजार में निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया है। गौरतलब है कि 30 जून को सेंसेक्स 76,478.67 अंक पर बंद हुआ था। इसके बाद चार कारोबारी सत्रों में इसमें 1,715.69 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी अवधि में निफ्टी ने भी कुल 528 अंकों की छलांग लगाई।

कच्चे तेल की गिरावट

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें युद्ध पूर्व स्तर के करीब पहुंच गई हैं। इसके अलावा ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के खुले रहने से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना है। इन कारणों से भारत जैसे कच्चे तेल के आयातक देशों को लाभ मिलने की संभावना बढ़ी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि तेल की कीमतों में और गिरावट आती है तो इसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।

करोड़ों का इजाफा

शेयर बाजार की लगातार तेजी का सबसे बड़ा लाभ निवेशकों को मिला है। पिछले महीने के अंतिम कारोबारी दिन बीएसई का कुल बाजार पूंजीकरण 4,74,09,896.10 करोड़ रुपये था, जो छह जुलाई के कारोबारी सत्र के दौरान बढ़कर 4,82,61,060.85 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी केवल चार कारोबारी दिनों में निवेशकों की संपत्ति में 8,51,164.75 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। वहीं, केवल 6 जुलाई के कारोबार के दौरान ही निवेशकों को लगभग 2,41,066.76 करोड़ रुपये का लाभ मिला, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल और मजबूत हुआ।

Read More : Assam विधानसभा में जीवन रक्षक जैकेट पहनकर पहुंचे अखिल गोगोई, बाढ़ और जलभराव पर सरकार को घेरा

Written by : Rashmi Sharma