Home » जॉब - एजुकेशन » NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा एक्शन: फर्जी पेपर माफिया पर शिकंजा, पूरे देश में टेलीग्राम अस्थायी रूप से बंद

NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा एक्शन: फर्जी पेपर माफिया पर शिकंजा, पूरे देश में टेलीग्राम अस्थायी रूप से बंद

NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर सरकार का बड़ा एक्शन

Telegram Ban NEET: NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा को नकल-मुक्त और साफ-सुथरा बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पूरे देश में मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम को 22 जून 2026 तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी पेपर, झूठे दावे और भ्रामक खबरों को फैलने से रोकने के लिए यह फैसला जरूरी था।

NTA की शिकायत के बाद लिया गया एक्शन

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने यह आदेश नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की सिफारिश पर जारी किया। NTA का मानना था कि सिर्फ टेलीग्राम चैनल डिलीट करने से संगठित नकल गिरोह नहीं रुकेंगे। परीक्षा से पहले छात्रों के बीच डर और भ्रम फैलाया जा रहा था। साइबर अपराधीटेलीग्राम का इस्तेमाल करके माहौल खराब कर रहे थे।

सरकार ने टेलीग्राम को एक और सख्त निर्देश दिया है। कंपनी को 30 जून 2026 तक भारत में मैसेज एडिटिंग फीचर पूरी तरह बंद करना होगा। जांच में सामने आया कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल हो रहा था। पेपर लीक के नकली सबूत बनाने के लिए पुराने मैसेज बदले जा रहे थे।

Telegram Ban NEET: NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर सरकार का बड़ा एक्शन
NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर सरकार का बड़ा एक्शन

Telegram Ban NEET: फर्जी चैनल और लाखों की वसूली

NTA की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। टेलीग्राम पर PAPER LEAKED NEET, Re-NEET 2026 और Private Mafia जैसे नामों से दर्जनों चैनल चल रहे थे। ये ठग छात्रों और उनके परिवारों से असली पेपर दिलाने के नाम पर हजारों से लाखों रुपये मांग रहे थे। नकली पीडीएफ भेजकर बच्चों को गुमराह किया जा रहा था।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित है। सुरक्षा घेरे से बाहर कोई प्रश्न पत्र नहीं है। टेलीग्राम पर किए जा रहे सभी दावे फर्जी और मनगढ़ंत हैं। छात्रों को किसी भी झांसे में नहीं आना चाहिए।

आखिरी विकल्प के तौर पर उठाया गया कदम

टेलीग्राम को ब्लॉक करने का फैसला अचानक नहीं लिया गया। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के जरिए फर्जी ग्रुप हटाने की कई बार कोशिश की गई। कानूनी नोटिस भेजे गए, पर कोई जवाब नहीं मिला। जब सभी रास्ते बंद हो गए, तो सरकार को पूरे प्लेटफॉर्म का एक्सेस कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।

सरकार का मकसद साफ है। लाखों मेडिकल उम्मीदवारों का भविष्य किसी अफवाह की भेंट न चढ़े। 22 जून तक टेलीग्राम बंद रहने से नकल गिरोह का नेटवर्क टूट जाएगा। छात्र बिना तनाव के परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि NEET री-एग्जाम बिना किसी विवाद के पूरा हो।

Written by- Mansi Sharma

ये भी पढ़े…प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या