Home » राष्ट्रीय » हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्; काशी की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्; काशी की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

Tiranga Yatra

Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए वाराणसी में गुरुवार को भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से शुरू हुई यात्रा मलदहिया और लहुराबीर चौराहा होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यात्रा की अगुवाई की।

तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब

यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। यात्रा के आगे पीएसी और पुलिस बैंड की टुकड़ियां देशभक्ति की धुनें बजाते हुए चल रही थीं। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से काशी की सड़कें गूंजती रहीं। मलदहिया से लेकर लहुराबीर तक यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बना। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। बच्चों और युवाओं के हाथों में लहराते तिरंगे ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

Tiranga Yatra: स्वतंत्र देव सिंह ने दिलाया विकसित भारत का संकल्प

यात्रा को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों वाला कपड़ा नहीं, बल्कि देश की पहचान, स्वाभिमान, शक्ति और संकल्प का प्रतीक है। तिरंगा हाथ में लेकर चलना उन स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की क्षमता रखता है। युवा भारत का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान भी है।

संस्कृत विश्वविद्यालय में हुआ यात्रा का समापन

‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का समापन डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में हुआ। इस दौरान नागरिकों और युवाओं ने विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा तथा यातायात के आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पूरी यात्रा के दौरान काशी की सड़कों पर तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बना दिया।