TMC Internal Crisis: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रहा विवाद अब और गहरा होता नजर आ रहा है। पार्टी से निकाले गए विधायक संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी सोमवार देर शाम MLA हॉस्टल पहुंचे। यहां उन्होंने TMC के कई विधायकों के साथ बैठक की, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
कई विधायक बैठक में हुए शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कई विधायक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इनमें मालदा और मुर्शिदाबाद क्षेत्र के कई विधायक भी शामिल थे।इसी बीच TMC के निलंबित नेता रिजू दत्ता ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि पार्टी के 80 में से 50 से ज्यादा विधायक खुद को “असली तृणमूल” बताने की तैयारी कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर नाराजगी
पार्टी के असंतुष्ट नेताओं का कहना है कि शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के फैसले से वे संतुष्ट नहीं हैं। संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी ने आरोप लगाया है कि विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए समर्थन प्रस्ताव में उनके हस्ताक्षर फर्जी तरीके से किए गए थे।
दोनों विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत करते हुए कहा था कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में शोभनदेब चट्टोपाध्याय के समर्थन में तैयार किए गए प्रस्ताव पर उन्होंने कोई हस्ताक्षर नहीं किए थे। उनके मुताबिक, दस्तावेज में मौजूद हस्ताक्षर नकली हैं।विधायकों का यह भी दावा है कि 6 मई को हुई बैठक में ऐसा कोई प्रस्ताव पारित ही नहीं किया गया था।
TMC Internal Crisis: FIR दर्ज, CID कर रही जांच
मामले को गंभीर मानते हुए विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप पर कोलकाता के हरे स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज की गई। बाद में इस मामले की जांच CID को सौंप दी गई।जांच के दौरान CID ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजा। एजेंसी ने उनसे जांच में सहयोग करने और संबंधित प्रस्ताव की मूल प्रति उपलब्ध कराने को कहा था।
शिकायत के बाद पार्टी से निकाले गए विधायक
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि दोनों विधायकों ने विधानसभा में फर्जी हस्ताक्षरों से जुड़े मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।इसके बाद TMC ने दोनों विधायकों को एक संदेश भेजकर पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया कि उनके बयान संगठन के लिए नुकसानदायक हैं, इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर किया जाता है।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
TMC में चल रही उठापटक पर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी आज वही स्थिति देख रही हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने खुद की थी।उदित राज ने कहा कि TMC के पास अब विरोध प्रदर्शन के लिए पर्याप्त लोग भी नहीं बचे हैं। उनके मुताबिक, पार्टी के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और उन्हें नहीं लगता कि TMC लंबे समय तक इस स्थिति में टिक पाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच काफी नाराजगी है। ऐसे समय में ममता बनर्जी को ‘INDIA’ गठबंधन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
ये भी पढ़े: दक्षिण कोरिया की हनव्हा एयरोस्पेस फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत के बाद आंशिक उत्पादन पर रोक, जांच तेज








