Train attack: दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चलती ट्रेन पर अचानक लोहे की पाइप से हमला कर दिया गया। इस घटना में ट्रेन का शीशा टूट गया और दो यात्री घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
रेलवे के मुताबिक, यह घटना 1 मई सुबह करीब 8:15 बजे की है। ताज एक्सप्रेस (12280) जब दिल्ली-मथुरा रूट पर होडल और कोसीकलां स्टेशन के बीच पहुंची, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से कोच नंबर D6 पर लोहे की पाइप फेंक दी। पाइप सीधे इमरजेंसी विंडो पर लगी, जिससे कांच बुरी तरह टूट गया। टूटे हुए कांच के टुकड़े अंदर सीटों पर फैल गए, जिसकी वजह से ट्रेन में बैठे दो यात्री घायल हो गए।
Train attack: घायलों को मिला तुरंत इलाज
घटना के बाद घायलों को मथुरा स्टेशन पर उतारकर रेलवे डॉक्टर की टीम ने प्राथमिक उपचार दिया। राहत की बात यह रही कि दोनों यात्रियों की हालत गंभीर नहीं थी और उन्होंने आगे की यात्रा जारी रखी।
Train attack: जांच में जुटा रेलवे, मौके का किया दौरा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। आरपीएफ, कमर्शियल इंस्पेक्टर, पीडब्ल्यूआई और स्टेशन मास्टर की टीम ने मौके का दौरा किया और जांच शुरू की। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस खतरनाक हरकत के पीछे कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेलवे का दावा – दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
Train attack: उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत बिगड़ी, मेदांता में भर्ती








