Home » एक्सक्लूसिव » तमिलनाडु में विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, शपथ ग्रहण टल सकता है; बंगाल में 9 मई को BJP सरकार का समारोह

तमिलनाडु में विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, शपथ ग्रहण टल सकता है; बंगाल में 9 मई को BJP सरकार का समारोह

TVK Government:

TVK Government: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विजय की पार्टी TVK ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि, बहुमत के आंकड़े को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से 7 मई को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह टल सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, विजय ने 113 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे हैं, जिनमें TVK के 107 और कांग्रेस के 5 विधायक शामिल हैं। लेकिन राज्यपाल ने 118 विधायकों के समर्थन का दावा पेश करने को कहा है।

TVK को अभी और समर्थन की जरूरत

234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीती थीं, लेकिन विजय के दो सीटों से जीतने के कारण एक सीट छोड़ने पर पार्टी की संख्या 107 रह गई है। ऐसे में बहुमत के लिए अभी 11 और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। सूत्रों के अनुसार, TVK लेफ्ट पार्टियों, VCK और जरूरत पड़ने पर AIADMK के संपर्क में भी है। इसी बीच AIADMK में टूट की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

रिसॉर्ट में शिफ्ट किए गए विधायक

राजनीतिक उठापटक के बीच TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम स्थित एक रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है, ताकि किसी तरह की टूट-फूट से बचा जा सके।

बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण

उधर, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इसकी जानकारी दी।

चुनाव बाद बंगाल में हिंसा

4 मई को आए चुनाव परिणामों के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा जारी है। अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें भाजपा और TMC के दो-दो कार्यकर्ता शामिल हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भीड़ ने TMC कार्यालय पर हमला कर दिया, जबकि संदेशखाली में पुलिस और केंद्रीय बलों पर फायरिंग की गई, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए।

चुनाव परिणामों में बड़े बदलाव

असम और पुडुचेरी में NDA ने सत्ता बरकरार रखी, जबकि तमिलनाडु, बंगाल और केरल में सत्ता परिवर्तन हुआ। तमिलनाडु में TVK की जीत सबसे बड़ी राजनीतिक घटना मानी जा रही है, क्योंकि 59 साल बाद राज्य में DMK या AIADMK के बिना सरकार बनने की संभावना बनी है।

यह भी पढे़ : होर्मुज संकट के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, ईरान माने तो शांति, नहीं तो बड़ा हमला

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments