Home » राष्ट्रीय » Twisha Case: ट्विशा केस में एम्स की विशेष टीम गठित, चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंचेगी चार डॉक्टरों की टीम

Twisha Case: ट्विशा केस में एम्स की विशेष टीम गठित, चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंचेगी चार डॉक्टरों की टीम

Twisha Case:

Twisha Case: मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा दहेज हत्या मामले में जांच अब नए चरण में पहुंच गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की चार सदस्यीय विशेष मेडिकल टीम भोपाल पहुंचेगी। यह टीम आधुनिक उपकरणों के साथ चार्टर्ड विमान से मध्य प्रदेश रवाना होगी और पूरे मामले की दोबारा चिकित्सकीय जांच करेगी।

एम्स दिल्ली ने गठित किया विशेष मेडिकल बोर्ड

जानकारी के अनुसार अदालत के आदेश में केवल एम्स दिल्ली के निदेशक को मेडिकल बोर्ड गठित करने का अधिकार दिया गया था। इसके बाद मध्य प्रदेश सरकार की ओर से दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध और न्यायालय का आदेश एम्स दिल्ली को भेजा गया। एम्स के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने निदेशक की मंजूरी के बाद चार वरिष्ठ डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई है। यही मेडिकल बोर्ड ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमॉर्टम करेगा। बताया गया है कि यह टीम अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों के साथ शनिवार शाम राज्य सरकार के विशेष विमान से भोपाल पहुंचेगी। माना जा रहा है कि दोबारा पोस्टमॉर्टम से मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब मिलने में मदद मिलेगी।

Twisha Case: परिवार ने पहले पोस्टमॉर्टम पर उठाए थे सवाल

ट्विशा शर्मा के परिजनों ने पहले पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। परिवार का आरोप था कि शुरुआती जांच में कई प्रक्रियागत लापरवाहियां हुईं और महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। इसी कारण परिवार ने अदालत में दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की थी। हाईकोर्ट ने परिवार की याचिका पर सुनवाई करते हुए दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति दी। इससे पहले निचली अदालत ने इस मांग को खारिज कर दिया था। ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने कहा कि परिवार पिछले दस दिनों से न्याय की मांग कर रहा है और अब उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने प्रशासन से पूरी प्रक्रिया बिना देरी के पूरी कराने की मांग भी की।

सीबीआई जांच के फैसले का परिवार ने किया स्वागत

ट्विशा शर्मा मामले में सीबीआई जांच के आदेश के बाद परिवार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) और राज्य सरकार का आभार जताया है। ट्विशा के चाचा लोकेश शर्मा ने कहा कि प्रभावशाली लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होना जरूरी है, तभी आम जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी की जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments