Home » राष्ट्रीय » ट्विशा मौत केस: पिता बोले- शव लेने के लिए दबाव बना रही पुलिस

ट्विशा मौत केस: पिता बोले- शव लेने के लिए दबाव बना रही पुलिस

Twisha Sharma:

Twisha Sharma: चर्चित ट्विशा शर्मा मामले में परिवार और प्रशासन के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि भोपाल प्रशासन, पुलिस और न्यायिक व्यवस्था से उन्हें न्याय मिलने की अब कोई उम्मीद नहीं बची है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे पोस्टमार्टम की अनुमति में जानबूझकर देरी की गई, ताकि शव खराब हो जाए और परिवार पर उसे लेने का दबाव बनाया जा सके। ट्विशा का पोस्टमार्टम 13 मई को एम्स भोपाल में हुआ था और तब से शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। परिवार लगातार दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है।

शव सुरक्षित न रख पाने की बात पर विवाद

कटारा हिल्स थाना पुलिस ने बुधवार को परिवार को पत्र भेजकर ट्विशा का पार्थिव शरीर एम्स भोपाल से ले जाने का आग्रह किया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने बताया कि शव को सुरक्षित रखने के लिए माइनस 80 डिग्री तापमान की आवश्यकता है, लेकिन ऐसी सुविधा वहां उपलब्ध नहीं है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नवनीधि शर्मा ने कहा कि प्रशासन अब यह कहकर हाथ खड़े कर रहा है कि शव सुरक्षित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह परिवार के साथ मानसिक यातना जैसा व्यवहार है और उन्हें मजबूर किया जा रहा है कि वे शव को अपने साथ ले जाएं।

Twisha Sharma: न्याय व्यवस्था पर उठाए सवाल

ट्विशा के पिता ने कहा कि परिवार शुरू से चाहता था कि दूसरा पोस्टमार्टम दिल्ली के किसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चिकित्सा संस्थान में कराया जाए, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में न्यायिक प्रक्रिया को लंबा खींचा गया और परिवार को एक अदालत से दूसरी अदालत तक भटकाया गया। नवनीधि शर्मा ने कहा कि किसी भी स्तर पर स्वत: संज्ञान नहीं लिया गया, जिससे आरोपियों को फायदा पहुंचा। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को भोपाल पुलिस, प्रशासन और न्यायपालिका से कोई सहयोग नहीं मिला और अब उन्हें यहां से न्याय मिलने की उम्मीद खत्म हो चुकी है।

दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ा परिवार

परिवार ने साफ कर दिया है कि जब तक दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे शव नहीं लेंगे। इसी मांग को लेकर मंगलवार को परिवार ने भोपाल की मजिस्ट्रेट अदालत में आवेदन दायर किया था। परिवार चाहता है कि एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो सके। बुधवार तक अदालत के आदेश का इंतजार किया जा रहा था। इस मामले ने अब प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है।

Twisha Sharma: क्या है पूरा मामला?

ट्विशा शर्मा भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थीं। उनकी शादी कुछ महीने पहले वकील समर्थ सिंह से हुई थी। परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी के साथ शरीर पर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई थी। फिलहाल परिवार दूसरे पोस्टमार्टम और मामले की जांच दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग कर रहा है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments