Udne Ki Asha: स्टार प्लस के लोकप्रिय टीवी शो ‘उड़ने की आशा’ की कहानी अब बड़ा मोड़ लेने जा रही है। शो में 7 साल का लीप आने वाला है, जिसके बाद दर्शकों को सायली और सचिन की जिंदगी का एक नया अध्याय देखने को मिलेगा। इस नए ट्रैक में रिश्तों, बिछड़न और छिपे हुए राज़ों के साथ कई भावनात्मक मोड़ देखने को मिलेंगे।
जन्म के समय बच्चों की अदला-बदली

कहानी के अनुसार, सायली और रोशनी की प्रेग्नेंसी के दौरान एक मेडिकल इमरजेंसी के चलते जन्म के समय बच्चों की अदला-बदली हो जाती है। सायली और सचिन को लगता है कि उनका बच्चा अब इस दुनिया में नहीं है, जबकि उनका बेटा जिंदा होता है और रोशनी व तेजस उसे अपना बेटा बनाकर पालते हैं। हालात से मजबूर होकर सायली और सचिन अपनी जिंदगी में आगे बढ़ जाते हैं। सात साल बाद दोनों गणपतिपुले में अपनी बेटी पूर्णा के साथ नई जिंदगी जी रहे हैं। हालांकि, जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, बच्चों से जुड़े कई पुराने राज़ सामने आएंगे, जो सभी किरदारों की जिंदगी बदल देंगे। नया ट्रैक प्यार, परिवार और भावनात्मक संघर्षों से भरपूर होगा।

Udne Ki Asha: बच्चों के साथ काम करना बेहद खास
इस बड़े बदलाव को लेकर शो में सायली का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री नेहा हरसोरा ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार 7 साल के लीप के बारे में सुना तो वह काफी भावुक हो गई थीं। उनके मुताबिक, इस ट्रैक ने उन्हें एहसास कराया कि जिंदगी कितनी अनिश्चित होती है और कई बार किस्मत इंसान के लिए कुछ अलग ही तय कर चुकी होती है। नेहा ने कहा कि हर कलाकार अपने किरदार के नए सफर को निभाने का इंतजार करता है। लेकिन सायली की कहानी पढ़ते हुए मैं बार-बार यही सोच रही थी कि उसने अपनी जिंदगी में इतना कुछ सहने के बाद भी आगे बढ़ने की ताकत कैसे जुटाई। कई ऐसे दृश्य थे जिनकी भावनाएं कैमरा बंद होने के बाद भी मेरे साथ बनी रहीं। उन्होंने आगे कहा सेट पर बच्चों के साथ काम करना बेहद खास अनुभव है। उनकी मासूमियत, शरारतें और मस्ती मुझे अपना बचपन याद दिलाती हैं। यह नया ट्रैक भावनाओं से भरपूर है और दर्शकों को सायली का बिल्कुल नया रूप देखने को मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस नए सफर को भी उतना ही प्यार देंगे।
ये भी पढ़े… ‘मैं वर्जिन हूं…’ कहकर शिल्पा शिंदे ने उड़ाया शिवांगी जोशी का मजाक, ‘लॉक अप 2’ के नए एपिसोड पर मचा हंगामा








