Home » मध्य प्रदेश » उज्जैन में दिनदहाड़े खौफनाक हमला, युवती पर सरेआम चाकू से 15 से ज्यादा वार

उज्जैन में दिनदहाड़े खौफनाक हमला, युवती पर सरेआम चाकू से 15 से ज्यादा वार

Ujjain news: मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नीलगंगा थाना क्षेत्र के माधव क्लब रोड स्थित दवा बाजार में एक युवती पर सरेआम जानलेवा हमला किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

दवा बाजार में काम के दौरान हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, दयाल फार्मा नाम की मेडिकल शॉप में काम करने वाली युवती पर एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। वारदात के वक्त दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, तभी आरोपी ने अचानक हमला कर दिया।

Ujjain news: 13 सेकंड में 15 से ज्यादा वार, CCTV में कैद वारदात

यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी पहले युवती से बात करता है और फिर अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर देता है। महज 13 सेकंड के भीतर आरोपी ने 15 से ज्यादा वार किए, जिसमें युवती के सिर, पेट, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद जब आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि उसने अपना वाहन वहीं छोड़ दिया।

Ujjain news: अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही युवती

घायल युवती की पहचान पूजा के रूप में हुई है, जो बापू नगर की रहने वाली बताई जा रही है। गंभीर हालत में उसे पहले उज्जैन के शासकीय चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

Ujjain news: घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम सुनील बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।

 

 

ये भी पढ़े: दिल्ली मुंडका फैक्ट्री हादसा, सेप्टिक टैंक में उतरे 3 मजदूरों की जहरीली गैस से मौत