Home » उत्तर प्रदेश » यूपी बीजेपी में बड़े फेरबदल की तैयारी तेज, जल्द हो सकता है ऐलान

यूपी बीजेपी में बड़े फेरबदल की तैयारी तेज, जल्द हो सकता है ऐलान

UP BJP POLITICS: उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब भारतीय जनता पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने पर है। 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पार्टी प्रदेश इकाई में बड़े स्तर पर बदलाव की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही नई प्रदेश टीम की घोषणा की जा सकती है।

दिल्ली में चल रहा मंथन

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh) पिछले एक सप्ताह से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। इस दौरान उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Navin,) संगठन महासचिव बी एल संतोष (B. L. Santhosh) और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तांवेड (Vinod Tawde) के साथ कई दौर की बैठकें हुई हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन के संभावित पदाधिकारियों की सूची भी केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी गई है, जिस पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

UP BJP POLITICS: डिप्टी सीएम से भी होगी चर्चा

नई टीम को अंतिम रूप देने से पहले दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मोर्य (Keshav Prasad Maurya) और ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) को भी दिल्ली बुलाया गया है। शीर्ष नेतृत्व उनके साथ बैठक कर संगठनात्मक बदलावों पर राय ले सकता है। इन चर्चाओं के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

नए और अनुभवी चेहरों का संतुलन

भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक आक्रामक रणनीति के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसे में संगठन में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह देने पर विचार किया जा रहा है। पार्टी ऐसा संतुलन बनाना चाहती है जिसमें अनुभव और युवा नेतृत्व दोनों का समावेश हो।

UP BJP POLITICS: सामाजिक समीकरणों पर विशेष नजर

नई प्रदेश इकाई के गठन में पिछड़े वर्ग, गैर-यादव ओबीसी, दलित और युवा मतदाताओं को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की जा रही है। पार्टी क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधते हुए ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी देना चाहती है जो अपने क्षेत्रों में संगठन को नई ऊर्जा प्रदान कर सकें।

2027 मिशन की तैयारी

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। यही वजह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाने तथा नए सामाजिक समीकरण तैयार करने पर विशेष जोर दे रही है। नई टीम का ऐलान इसी व्यापक चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

ये भी पढ़े…कैसे तय होता है स्पेस मिशन का मेन्यू, जानें स्पेस फ्लाइट लॉन्च से पहले एस्ट्रोनॉट्स क्यों करते हैं लंच?