Home » उत्तर प्रदेश » OP राजभर क्यों बोले अखिलेश के ‘सांसद-विधायक इस्तीफा दें’?

OP राजभर क्यों बोले अखिलेश के ‘सांसद-विधायक इस्तीफा दें’?

अखिलेश-यादव-ओम-प्रकाश
अखिलेश-यादव-ओम-प्रकाश

UP Election 2027: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बैलट पेपर से चुनाव कराने की वकालत की थी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को इस पर निशाना साधा। सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि उनके जितने भी विधायक और सांसद हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। जब उनकी पार्टी के लोग जीत जाते हैं, तो मशीन और ईवीएम सही होती है, लेकिन जब हार जाते हैं, तो उसमें गड़बड़ी दिखने लगती है। अगर वे बैलट पेपर से चुनाव चाहते हैं, तो पहले उनकी पार्टी के जितने विधायक और सांसद जीते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उसके बाद उन्हें जनता को बताना चाहिए कि हम लोग गलती से जीत गए हैं। ईवीएम ने गलती की और जीत गए। जब तक बैलट पेपर से चुनाव नहीं होगा, तब तक हम नहीं लड़ेंगे।

राजनीतिक पार्टियां चुनाव के लिए रजिस्टर्ड

उन्होंने मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ाने पर कहा कि सभी पार्टियां मांग कर रही थीं कि एसआईआर प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ाई जाए। उनका कहना भी ठीक था, क्योंकि 10 नवंबर से 4 दिसंबर की तारीख आई, तो उस समय फसल की कटाई और बुवाई में किसान व्यस्त थे। बहुत से लोग उसमें रुचि नहीं ले पाए थे। ऐसे में यह चुनाव आयोग का एक अच्छा कदम है। राजभर ने उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कहा कि जो राजनीतिक पार्टियां चुनाव के लिए रजिस्टर्ड होती हैं, वे कुछ नियमों और कानूनों का पालन करती हैं। इसी सिलसिले में भाजपा अपने अंदरूनी चुनाव करवा रही है। वे किसे चुनते हैं, यह उनका फैसला है, हमारी शुभकामनाओं या सुझावों का इस पर कोई असर नहीं पड़ता। वे अपनी प्रक्रियाएं का पालन कर रहे हैं।

वहीं संसद पर आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर मंत्री ओपी राजभर ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी और संगठन की ओर से हम उन शहीदों को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई। यह एक दुखद घटना थी जो कभी नहीं होनी चाहिए थी।

ये भी पढ़े… मेसी को नहीं देख पाए फैंस ने स्टेडियम में की तोड़फोड़, ममता ने मांगी माफी