UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर ने तीसरे राजनीतिक विकल्प को मजबूत करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और इंडिया गठबंधन से अलग विचारधारा वाले दलों को एक मंच पर लाकर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक मोर्चा तैयार करना है।
राजनीतिक मंच तैयार करने की दिशा में काम
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. मसूद अहमद ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर चंद्रशेखर ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन और बहुजन आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और अन्य वंचित वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी समान विचारधारा वाले दलों को साथ लेकर व्यापक राजनीतिक मंच तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि यह प्रयास सफल होता है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा सत्ता के समीकरण तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आजाद समाज पार्टी आने वाले चुनाव में प्रदेश की राजनीति में एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभरेगी।

UP Election 2027: 2027 चुनाव पर नजर
कार्यक्रम में शामिल हुए डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। ऐसे में चंद्रशेखर का तीसरे राजनीतिक मोर्चे का प्रस्ताव राज्य की चुनावी राजनीति में नई चर्चा का विषय बन सकता है। हालांकि, इस मोर्चे का स्वरूप क्या होगा और कौन-कौन से दल इसमें शामिल होंगे, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
ये भी पढ़े… विपक्ष के तंज पर PM मोदी ने नितिन नवीन की सादगी की करी तारीफ कहा- ‘हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व’








