UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। एक तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समीकरण के जरिए विपक्ष को मजबूत करने में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी हिंदुत्व के मुद्दे को धार देने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। पिछले कुछ महीनों से प्रदेश की राजनीति में PDA की चर्चा के बीच बीते एक सप्ताह में काशी, अयोध्या, मथुरा और संभल जैसे मुद्दे फिर सुर्खियों में आ गए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या चुनाव आते-आते यूपी में हिंदुत्व का मुद्दा फिर हावी होगा?
UP Elections 2027: योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच सियासी चुनौती
उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज होती दिखाई दे रही है। अखिलेश यादव ने अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में चुनौती स्वीकार करते हुए अखिलेश यादव को उनके सामने चुनाव लड़ने की बात कही। इस बयानबाजी के बीच उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के मथुरा नहीं जाने पर सवाल उठाए। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को संभल से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति में धार्मिक स्थलों और हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
UP Elections 2027: चुनाव नहीं लड़ने के संकेत दे रहे हैं अखिलेश यादव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं की चुनौतियों पर अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि जो लोग टिकट तय नहीं करते, वे यह कैसे तय कर सकते हैं कि कोई कहां से चुनाव लड़ेगा। अखिलेश ने यह भी कहा कि उन्हें अच्छा लग रहा है कि उनके पास चुनाव लड़ने के लिए इतने विकल्प आ गए हैं। इससे पहले लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री की कुर्सी मिल जाए तो इससे अच्छा क्या होगा। उनके इस बयान को विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के संकेत के तौर पर देखा गया। हालांकि, इस बयान के बाद भाजपा की ओर से भी उन पर निशाना साधा जाने लगा।
80-20 की चर्चा से फिर गरमाई हिंदुत्व की राजनीति
उत्तर प्रदेश में चुनावी राजनीति के दौरान जाति और धर्म दोनों ही अहम भूमिका निभाते रहे हैं। इसके बाद विकास के मुद्दे पर भी राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला देखने को मिलता है। भाजपा के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हिंदुत्ववादी चेहरा है, जबकि अखिलेश यादव PDA समीकरण के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। PDA की बढ़ती चर्चा के बीच 80-20 के राजनीतिक समीकरण का फिर सामने आना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके साथ ही काशी, अयोध्या, मथुरा और संभल जैसे स्थानों का राजनीतिक विमर्श में उल्लेख भाजपा की रणनीति का हिस्सा दिखाई देता है। हालांकि, चुनाव के दौरान इन मुद्दों का कितना असर होगा, यह मतदाताओं के रुख और राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने बनाया अपना PDA समीकरण
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में भी जातीय समीकरण साधने की कोशिश की। पार्टी ने तीन पिछड़े वर्गों, दो दलितों, दो ब्राह्मणों और एक राजपूत को संसद के उच्च सदन में भेजकर अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का दांव चला। पिछड़े वर्गों में पाल, कुर्मी और लोध समुदायों को प्रतिनिधित्व मिला। वहीं, सोनकर और रावत समुदायों से उम्मीदवारों को मौका देकर गैर-जाटव दलितों को साधने की कोशिश की गई। इसके अलावा दो ब्राह्मण और एक राजपूत को अवसर देकर सवर्ण मतदाताओं के बीच भी अपना आधार मजबूत करने का प्रयास किया गया। इससे साफ है कि भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे के साथ-साथ जातीय समीकरणों पर भी ध्यान दे रही है। पार्टी की रणनीति केवल धार्मिक मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग सामाजिक वर्गों को अपने साथ जोड़ने की भी है।
अखिलेश यादव का सॉफ्ट हिंदुत्व भी चर्चा में
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी PDA के साथ सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति करते दिखाई दे रहे हैं। इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण और धार्मिक आयोजनों में उनकी भागीदारी इसी रणनीति के संदर्भ में देखी जा रही है। अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव भगवा अंगवस्त्र और माथे पर टीका लगाए नजर आए। उन्होंने भागवत कथा में भी हिस्सा लिया, हालांकि वह राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं गए। मंदिर दर्शन को लेकर सवाल उठने पर उन्होंने केदारेश्वर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा तक इंतजार करने की बात कही। इसके अलावा अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे को भी उठाया। इन घटनाक्रमों से संकेत मिलता है कि समाजवादी पार्टी भी अपने पारंपरिक PDA समीकरण के साथ धार्मिक मुद्दों पर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
काशी, अयोध्या और मथुरा के मुद्दों से क्या बदलेगा चुनावी नैरेटिव
बीते एक सप्ताह में उत्तर प्रदेश की राजनीति में धार्मिक स्थलों का उल्लेख बढ़ा है। जहां अखिलेश यादव मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की विपक्षी मुहिम में शामिल रहे, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के काशी दौरे के साथ अयोध्या और मथुरा से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में आए। राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए माना जा रहा है कि भाजपा PDA की चर्चा के बीच हिंदुत्व के मुद्दे को फिर प्रमुखता देने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी जातीय समीकरणों के साथ धार्मिक प्रतीकों और मुद्दों को भी अपनी राजनीति का हिस्सा बना रही है।
यूपी चुनाव में किस मुद्दे पर होगा मुकाबला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जाति, धर्म और विकास तीनों मुद्दे अहम हो सकते हैं। भाजपा जहां हिंदुत्व और सामाजिक समीकरणों के सहारे अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, वहीं समाजवादी पार्टी PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। हालांकि, चुनाव करीब आने पर किस मुद्दे को सबसे ज्यादा महत्व मिलेगा और मतदाता किस रणनीति से प्रभावित होंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल यूपी की राजनीति में PDA बनाम हिंदुत्व की बहस तेज होती दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़े- बरेली में बोले सीएम योगी- प्रदेश में दंगा करने वालों को बाप-दादाओं की कमाई से धोना पड़ेगा हाथ









