UP Murder Case: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से गाजियाबाद के खोड़ा सूर्या मर्डर केस जैसी घटना सामने आई है। यहां छेड़खानी का विरोध करने पर एक हिंदू युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह घटना गुरुवार रात बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे के पास हुई।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने युवक के शव को सड़क पर रखकर कई घंटों तक प्रदर्शन किया। काफी समझाने और प्रयासों के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने एक गुमटी और आरोपी के घर में आग लगा दी। आरोपी की पहचान नासिर अली के रूप में बताई जा रही है।इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए तीन जिलों से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हत्या के बाद मृतक के परिजन आरोपी के एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने उन्हें आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और समझाकर शांत कराया।पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

शादी समारोह में छेड़खानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह कुछ दिन पहले हुई एक घटना से जुड़ी बताई जा रही है। एक शादी समारोह में आरोपी नासिर अली पर मृतक आनंद की भांजी से छेड़खानी करने का आरोप है।
आनंद ने इस घटना का विरोध किया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।मृतक के परिजनों ने आरोपी के घर को बुलडोजर से गिराने की भी मांग की है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
UP Murder Case: बभनी चौराहे पर हुई वारदात
यह घटना बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मृतक आनंद (30) पुत्र इंद्रेश, कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला था।मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। घटना वाले दिन वह मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था। इसके बाद वह कुछ सामान खरीदकर घर लौट रहा था।
इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली वहां पहुंचा। आरोप है कि नासिर ने मुर्गा काटने वाली धारदार छूरी से आनंद की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है।
पत्नी ने कहा- हमें न्याय चाहिए
मृतक की पत्नी मीना ने कहा कि उन्हें अपने पति की हत्या का बदला चाहिए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि मुख्य आरोपी नासिर अली है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि हत्या की वजह दोनों के बीच पहले से चला आ रहा विवाद भी हो सकता है।
पुलिस ने सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर आनंद की नासिर अली ने गला रेतकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले शादी समारोह में दोनों के बीच विवाद हुआ था।एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें…अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता की तैयारी, समझौते के बाद होगी पहली बैठक








