Home » राष्ट्रीय » यूपी में खुलेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज, 2-3 महीने में पूरा होगा काम; ब्रजेश पाठक का बड़ा ऐलान

यूपी में खुलेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज, 2-3 महीने में पूरा होगा काम; ब्रजेश पाठक का बड़ा ऐलान

Up News: यूपी में खुलेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज- ब्रजेश पाठक

Up News: उत्तर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ा विस्तार होने जा रहा है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक ने टीवी9 के मंच से ऐलान किया कि राज्य में जल्द ही 8 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन महीनों में इस दिशा में काम पूरा किया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके अलावा कुछ जिलों में एक से अधिक मेडिकल कॉलेज भी स्थापित किए जाएंगे।

2017 में 40 थे, अब 83 मेडिकल कॉलेज

दिल्ली में आयोजित ‘भारतवर्ष के टॉपर’ कार्यक्रम में शामिल हुए ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में कुल 40 मेडिकल कॉलेज थे। इनमें 17 सरकारी और 23 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल थे। अब राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

Up News: दो-तीन महीनों में 8 नए कॉलेजों पर काम

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 8 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उनका दावा है कि अगले दो से तीन महीनों में यह प्रक्रिया पूरी हो सकती है। सरकार की कोशिश है कि मेडिकल शिक्षा की सुविधाएं प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचें और छात्रों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

MBBS सीटों में भी हुआ बड़ा इजाफा

ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां करीब 5,000 एमबीबीएस सीटें थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर लगभग 12,500 हो गई है। इसके साथ ही एमएस और एमडी की सीटों में भी करीब ढाई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि एमसीएच जैसे सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों में भी डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम हुआ है।

Up News: मेडिकल कॉलेजों के साथ नर्सिंग-पैरामेडिकल संस्थान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल मेडिकल कॉलेज खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान भी विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी को दूर करना है। सरकार की योजना के तहत डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।