UP Scooty Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना 2026 के क्रियान्वयन को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक अंतिम वर्ष उत्तीर्ण करने वाली टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल चालित स्कूटी दी जाएगी। सरकार इस योजना पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
UP Scooty Scheme: स्कूटी के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं-
सरकार केवल स्कूटी ही नहीं देगी, बल्कि उसका बीमा, पंजीकरण, हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल का खर्च भी उठाएगी। वहीं, दिव्यांग छात्राओं, निराश्रित बालिकाओं और शहीदों की बेटियों को मेरिट की शर्त के बिना भी योजना का लाभ मिलेगा।
UP Scooty Scheme: क्या है पात्रता-
योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश की मूल निवासी छात्राओं को मिलेगा। पात्र छात्रा के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक होनी चाहिए। इसके अलावा छात्रा ने प्रदेश के राज्य, निजी या संबद्ध महाविद्यालय से स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई पूरी की हो।
मेरिट के आधार पर होगा चयन-
पात्र छात्राओं का चयन स्नातक अंतिम वर्ष में उत्तीर्ण छात्राओं की टॉप 5 प्रतिशत मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। योजना का लाभ राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, राजकीय, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की छात्राओं को मिलेगा।
जेम पोर्टल से खरीदी जाएंगी स्कूटियां-
सरकार स्कूटियों की खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से करेगी। विभिन्न कंपनियों से आवेदन मंगाए जाएंगे और सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूटी का चयन किया जाएगा। दूरदराज क्षेत्रों में पेट्रोल पंप और सर्विस सेंटर की उपलब्धता को देखते हुए पेट्रोल स्कूटी देने का फैसला लिया गया है।
ग्रामीण छात्राओं को मिलेगा बड़ा फायदा-
सरकार का मानना है कि इस योजना से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही वे उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगी।
नौ लाख से अधिक छात्राएं होंगी पात्र-
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्तर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष में करीब 9 लाख छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें से मेरिट के आधार पर लगभग 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी।
यह भी पढ़े- ब्रिटेन के पहले AI मंत्री बने कनिष्क नारायण, जानिए बिहार से क्या है उनका खास कनेक्शन








