UP NEWS: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) द्वारा योगी सरकार पर फर्जी एनकाउंटर कराने के आरोपों के बाद भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) और मंत्री असीम अरुण (Aseem Arun) ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, लेकिन यह बात विपक्ष को स्वीकार नहीं हो रही।
‘अपराधियों पर धर्म-जाति देखकर कार्रवाई नहीं’
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों के एनकाउंटर हो रहे हैं, वे अपराधी हैं। कार्रवाई में धर्म, जाति या समुदाय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।” उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति खत्म होने की वजह से अखिलेश यादव इस तरह के बयान दे रहे हैं।
UP NEWS: ‘पुलिस घर से एनकाउंटर करने नहीं निकलती’
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि योगी सरकार के पिछले नौ वर्षों में पुलिस का मनोबल बढ़ा है, जिसकी वजह से कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, “कोई भी पुलिसकर्मी घर से यह सोचकर नहीं निकलता कि उसे एनकाउंटर करना है। लेकिन जब अपराधी पुलिस पर गोली चलाते हैं, तो जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है।” उन्होंने कहा कि कानून पुलिस को आत्मरक्षा में उचित बल प्रयोग की अनुमति देता है।
‘सरकार की सख्ती से अपराध कम हुए’
असीम अरुण ने दावा किया कि पहले अपराधी पुलिस पर हमला करने से नहीं डरते थे, लेकिन अब ऐसे मामलों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सख्ती की वजह से प्रदेश में विकास का माहौल बना है और यही बात समाजवादी पार्टी को पसंद नहीं आ रही।
UP NEWS: अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
इससे पहले अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav )ने योगी सरकार पर फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रदेश में “डर और वर्चस्व की राजनीति” की जा रही है। उन्होंने दावा किया था कि सरकार की मर्जी से होने वाला हर एनकाउंटर संदेह के घेरे में है और पीडीए वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है।
ये भी पढ़े… बिहार SIR पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी मुहर, EC की कार्रवाई को बताया पूरी तरह वैध








