Home » उत्तर प्रदेश » चप्पल पहन अमजद खान ने हरिद्वार में बनाई REEL, वीडियो सामने आते ही बिजनौर SP ने किया लाइन हाजिर

चप्पल पहन अमजद खान ने हरिद्वार में बनाई REEL, वीडियो सामने आते ही बिजनौर SP ने किया लाइन हाजिर

गंगा में चप्पल पहन रील बनाने वाला सिपाही लाइन हाजिर

UP News: सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही को मुश्किल में डाल दिया। दरअसल, हरिद्वार में पवित्र गंगा नदी के बीच चप्पल पहनकर रील बनाते दिखाई दिए सिपाही के खिलाफ विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बिजनौर पुलिस ने संबंधित आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति गंगा नदी के भीतर चप्पल पहनकर रील बनाता दिखाई दे रहा है। दावा किया गया कि वीडियो में नजर आने वाला व्यक्ति बिजनौर जिले के स्योहारा थाने में तैनात आरक्षी अमजद खान है।

लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। लोगों का कहना है कि गंगा नदी हिंदू धर्म में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में उसके पवित्र जल में चप्पल पहनकर वीडियो बनाना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

UP News: जांच के बाद हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई गई और संबंधित सिपाही को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक बिजनौर अभिषेक झा ने आरक्षी अमजद खान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभागीय अनुशासन और सार्वजनिक आचरण से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस की छवि बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से की गई है।

ये भी पढ़े… योगी सरकार के डबल इंजन मॉडल में महिला सशक्तीकरण बना विकास का बड़ा आधार