UP NEWS: बदायूं के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मधुबन कॉलोनी में गुरुवार सुबह पुलिस विभाग में तैनात दरोगा मेघश्याम गौतम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। शव कमरे के दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान की ग्रिल से गमछे के सहारे लटका हुआ था। हैरानी की बात यह रही कि शव घुटनों के बल बैठी हुई स्थिति में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बेटी का फोन आने पर खुला मामला
मकान मालिक विकेश के मुताबिक, मेघश्याम गौतम पिछले एक वर्ष से उनके मकान के प्रथम तल पर किराए से रह रहे थे। गुरुवार सुबह उनकी बेटी का फोन आया, जिसने बताया कि काफी देर से पिता का फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर शव फंदे से लटका मिला।
UP NEWS: दोनों दरवाजे अंदर से थे बंद
मकान मालिक ने बताया कि कमरे के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। एक दरवाजा छत की ओर खुलता है, जबकि दूसरा मुख्य प्रवेश द्वार है। जिस रोशनदान से शव लटका मिला, वह भी अंदर से बंद कमरे में था। पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 9:45 बजे घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को दरोगा का शव फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
UP NEWS: 1986 में पुलिस सेवा में हुए थे भर्ती
मेघश्याम गौतम मूल रूप से मथुरा जिले के गोविंदनगर थाना क्षेत्र के सकना गांव के रहने वाले थे। वह वर्ष 1986 में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे और बाद में पदोन्नति पाकर दरोगा बने। वर्ष 2024 में उनका तबादला बरेली से बदायूं हुआ था और वर्तमान में वह कोर्ट सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।
परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी
मेघश्याम गौतम अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी का परिवार छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा ब्रजनंदन निजी नौकरी करता है और विवाहित है। बेटी राधिका बीएड कर चुकी है, जबकि छोटा बेटा मयंक इंटरमीडिएट का छात्र है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़े… ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज, गृह मंत्रालय के खिलाफ भड़काऊ बयान देने का आरोप







