Home » उत्तर प्रदेश » बांदा को CM योगी की बड़ी सौगात! 710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

बांदा को CM योगी की बड़ी सौगात! 710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर बुंदेलखंड के बांदा पहुंचेंगे। इस दौरान वह 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे।

229 परियोजनाओं को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों में 710 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना और अंत्योदय के संकल्प के साथ बुंदेलखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

UP NEWS: सदर में 130 परियोजनाओं पर काम

सदर विधानसभा क्षेत्र में 171.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 45 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 425.52 करोड़ रुपये की लागत वाली 85 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे। इनमें सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

बबेरू को भी मिलेगी विकास की सौगात

बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 62.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 64 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, जबकि 47.85 करोड़ रुपये की लागत वाले 80 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।

UP NEWS: लाभार्थियों को वितरित करेंगे प्रमाणपत्र और सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक, आयुष्मान भारत कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां तथा स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट वितरित करेंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

ये भी पढ़े… पुणे बिल्डिंग हादसा: रेस्क्यू में भारतीय सेना भी उतरी, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका