UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। लखनऊ स्थित डीजीपी मुख्यालय ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस की अनंतिम (प्रोविजनल) वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। इस सूची में रैंकर परीक्षा के माध्यम से चयनित 1093 उपनिरीक्षकों के नाम शामिल किए गए हैं।
सार्वजनिक होगी सूची
जानकारी के अनुसार, यह सूची उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयन प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद तैयार की गई है। डीजीपी मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने से पहले इसे सार्वजनिक किया गया है, ताकि यदि किसी प्रकार की त्रुटि, दावा या आपत्ति हो तो उसका समय रहते निस्तारण किया जा सके। डीआईजी स्थापना अखिलेश कुमार चौरसिया द्वारा जारी की गई इस सूची में केवल रैंकर परीक्षा से चयनित उपनिरीक्षकों को ही शामिल नहीं किया गया है, बल्कि कैडर परिवर्तन के बाद उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर समायोजित किए गए 26 प्लाटून कमांडरों को भी जगह दी गई है। ये अधिकारी पहले पीएसी में सीधी भर्ती के माध्यम से प्लाटून कमांडर के पद पर तैनात थे।
UP News: आपत्तियों की प्रक्रिया होगी शुरू
पुलिस विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अब दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होगी। इसके बाद रिक्त पदों के सापेक्ष निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं अब ऐसा माना जा रहा है कि इस कदम से प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से लंबित प्रमोशन प्रक्रिया को गति मिलेगी और बड़ी संख्या में उपनिरीक्षकों को इंस्पेक्टर बनने का अवसर प्राप्त होगा।








