Home » उत्तर प्रदेश » मथुरा में दरोगा ने फौजी के साथ क्यों की मारपीट? 14 सेकेंड में मारे 6 मुक्के, जानें क्या है मामला…

मथुरा में दरोगा ने फौजी के साथ क्यों की मारपीट? 14 सेकेंड में मारे 6 मुक्के, जानें क्या है मामला…

दरोगा ने 14 सेकेंड में फौजी को मारे 6 मुक्के

UP News: मथुरा में एक दरोगा पर इंडियन आर्मी के जवान के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना जैंत थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि दरोगा ने जवान के चेहरे पर 14 सेकेंड में 6 मुक्के मारे। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए मामले की जांच की बात कही है।

छुट्टी पर घर आए थे जवान

पीड़ित राधाचरण भारतीय सेना की Indian Army की Rajput Regiment में सिपाही हैं और वर्तमान में बीकानेर में तैनात हैं। वह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए हैं। राधाचरण के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने दोस्त महेश कुमार से मिलने उनके घर गए थे। महेश Border Security Force (BSF) की 200वीं बटालियन में तैनात हैं और इस समय मणिपुर में उनकी पोस्टिंग है।

सीन-2: जब फौजी बचने के लिए घर के अंदर की तरफ आया, तो दरोगा ने पीछे से आकर उसे पकड़कर पीटा।

राधाचरण का आरोप है कि बातचीत के दौरान आझई चौकी प्रभारी मनोज भाटी पुलिस फोर्स के साथ घर पहुंचे। किसी पुराने मामले का हवाला देते हुए दरोगा ने महेश कुमार को हिरासत में लेने की कोशिश की और गालीगलौज शुरू कर दी। जवान का कहना है कि महेश की गोद में पांच महीने का बच्चा था। उन्होंने बच्चे को गोद में लेने और शांति बनाए रखने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वह इंडियन आर्मी में हैं। आरोप है कि यह सुनते ही दरोगा भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। राधाचरण का दावा है कि दरोगा ने उनके चेहरे पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए।

UP News: बुजुर्ग महिला से अभद्रता का भी आरोप

राधाचरण ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महेश कुमार की बुजुर्ग मां ओमवती देवी और उनकी पत्नी के साथ धक्कामुक्की की और अभद्र व्यवहार किया।वहीं इस मामले में चौकी प्रभारी मनोज भाटी का कहना है कि होली के मद्देनजर गांव में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा था और वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पूछताछ के दौरान महेश कुमार ने कथित तौर पर बदसलूकी की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ी।

फौजी राधाचरण ने कहा कि मैंने अफसरों से दरोगा की शिकायत की है।

फिलहाल, इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर पीतमपाल सिंह ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में यदि दरोगा दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़े… खामनेई की मौत के बाद लखनऊ में मातम क्यों? जानें भारतीय मुसलमानों के प्रदर्शन के पीछे की कहानी?