UP News: लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में उस समय हड़कंप मच गया, जब पार्क घूमने आए एक युवक के साथ सुरक्षा गार्ड ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट कर दी। युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पार्क पहुंचा था, लेकिन मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि गार्ड ने युवक को जूते से पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
टिकट चेकिंग को लेकर हुई बहस
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार ने टिकट लेकर पार्क में प्रवेश किया था। इसी दौरान गेट पर टिकट चेकिंग को लेकर युवक और सुरक्षा गार्ड के बीच बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गार्ड ने युवक के साथ अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते उसे जमीन पर गिराकर मारपीट करने लगा। वायरल वीडियो में गार्ड युवक को कॉलर पकड़कर घसीटते हुए भी दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान युवक की पत्नी और बच्चा मौके पर मौजूद थे। वीडियो में परिवार के लोग चिल्लाते और मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं, लेकिन काफी देर तक कोई बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद गार्डों ने युवक को जल्दबाजी में ई-रिक्शा में बैठाकर वहां से भेज दिया, ताकि मामला ज्यादा न बढ़ सके। हालांकि, अब तक पीड़ित युवक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी है। वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) हरकत में आया और आरोपी गार्ड को नौकरी से हटा दिया गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी गार्ड सोनू पांडेय ने अपना बचाव करते हुए अधिकारियों को बताया कि युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था और टिकट चेकिंग के दौरान उसने अपनी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया था। गार्ड का कहना है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
UP News: मामले की जांच जारी
हालांकि, पार्क प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्क में पहले भी गार्डों द्वारा अभद्रता और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन कभी सख्त कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों पर पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।







