UP News: गाजियाबाद जिले में आज गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते करीब 200 झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर लगातार गैस सिलेंडरों में धमाके होने से दहशत का माहौल बना हुआ है। आग इतनी भयानक थी कि धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक देखा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों का सामान व गैस सिलेंडर लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली कराया जा रहा है।

22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए नोएडा से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गई हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रत्यक्षदर्शी आशीष गुप्ता के मुताबिक, कुछ लोग झुग्गियों में खाना बना रहे थे, तभी तिरपाल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में स्थित पन्नी का गोदाम भी जलकर राख हो गया। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।

UP News: DM ने क्या बताया?
वहीं इस मामले में डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि जिस इलाके में आग लगी है, वहां मुख्य रूप से कबाड़ का काम होता था और वहीं काम करने वाले लोग झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। उन्होंने बताया कि किसी भी संभावित अनहोनी से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जबकि आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है। लेकिन इस घटना ने एक दिन पहले हुई लखनऊ की आग की घटना की याद भी ताजा कर दी है। दरअसल, बीते दिन बुधवार को लखनऊ के विकासनगर इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई थी, जिसमें करीब 250 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़े… संसद में मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण को लेकर शाह से भिड़े अखिलेश, पलटवार कर बोले- ‘आप टिकट दो…’








