Home » उत्तर प्रदेश » हाथरस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक को पीटने के मामले में 2 आरोपी किए गिरफ्तार

हाथरस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक को पीटने के मामले में 2 आरोपी किए गिरफ्तार

हाथरस में बाजार में युवक को पीटकर किया टॉयलेट

UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक युवक के साथ मारपीट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बाजार गए शिव कुमार नाम के युवक को कुछ लोगों ने घेर लिया और रॉड, सरिया, लाठी-डंडों और घूंसों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके गले में अंगोछे का फंदा डालकर जमीन पर गिराया और फिर उसे घसीटते हुए मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि पिटाई के दौरान युवक के ऊपर पेशाब भी किया गया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते और उसे जमीन पर घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। परिजनों के मुताबिक, सिकंदराराऊ क्षेत्र के नगला भानचंद निवासी शिव कुमार किसी काम से बाजार गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसके साथ मारपीट शुरू की और फिर सरिया तथा लाठी-डंडों से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। पिटाई के दौरान शिव कुमार जमीन पर गिर गया, लेकिन आरोपियों ने इसके बाद भी उसे नहीं छोड़ा। आरोप है कि उसके गले में अंगोछा डालकर उसे जमीन पर घसीटा गया और लगातार पीटा गया। घटना के बाद युवक की हालत बेहद गंभीर हो गई।

परिजन घायल शिव कुमार को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि उसके सिर और गर्दन पर ज्यादा चोटें आई हैं। परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद उसकी हालत अधमरी जैसी हो गई थी।

UP News: पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा मामला

शिव कुमार के पिता मुनेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का आरोपियों के साथ पहले से मुकदमा चल रहा है। उनके मुताबिक, यह मामला धारा 308 के तहत दर्ज है और करीब पांच महीने से न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले में 28 तारीख को सुनवाई होनी है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार मुकदमा खत्म करने का दबाव बना रहे थे। इसी पुरानी रंजिश के चलते शिव कुमार को घेरकर जान से मारने की कोशिश जैसी बेरहमी से पिटाई की गई और धमकी भी दी गई। मुनेश कुमार ने आरोपियों के रूप में सुनील कुमार, अनिल कुमार, नैपाल सिंह और सुनील कुमार के बेटे विवेक समेत छह लोगों के नाम बताए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी है और घटना का वीडियो भी अधिकारियों को उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पुलिस कप्तान से भी बात हुई है।

मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने शिव कुमार के ऊपर पेशाब किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की भी जांच की जा रही है। वीडियो और शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार देर रात दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस की टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मामले में पुलिस ने क्या बताया? 

वहीं इस मामले में हाथरस के एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो, पीड़ित के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़े… अखिलेश पर राजभर का तंज बोले- आजम को गृह मंत्री बनाने का सपना छोड़ दें, डरा हुआ है बहुजन समाज