UP NEWS: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच लगभग 100 साल पुराना जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत परिवार के छह सदस्य मलबे में दब गए, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में देर रात करीब दो बजे यह हादसा हुआ। लगातार बारिश के बीच जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। उस समय एसी चलने के कारण परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जिससे सभी मलबे में दब गए।
UP NEWS: राहत-बचाव अभियान चलाया गया
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का इलाज जारी है।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), बेटे नितिन श्रीवास्तव (25), बहू माधुरी (23), एक वर्षीय पोते माधव और 10 माह के पोते अद्विक की मौत हो गई। घायल युवक की पहचान अमन श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
UP NEWS: घायल युवक ने सुनाई आपबीती
अमन श्रीवास्तव ने बताया कि नींद खुलने पर उन्हें एहसास हुआ कि वे मलबे के नीचे दबे हैं। किसी तरह बाहर निकलने के बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों और स्थानीय लोगों को बुलाया।
पुलिस ने दी जानकारी
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… देशभक्ति का संदेश! ‘सुख-साधन देने वाली मातृभूमि की सदैव करें सेवा’; प्रधानमंत्री मोदी का प्रेरक संदेश








