Up news: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की सप्लीमेंट्री रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत की असली वजह और अन्य पहलुओं पर तस्वीर साफ हो सकेगी।
छोटी बहन ने जताई सामूहिक दुष्कर्म की आशंका
मामले ने उस वक्त और गंभीर रूप ले लिया जब मृतका की छोटी बहन ने सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि 9 जून की सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि एक किशोरी का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
Up news: घटना से पहले बाग में थीं दोनों बहनें
एफआईआर के अनुसार घटना से पहले मृतका और उसकी छोटी बहन गांव के पास स्थित एक बाग में कुछ युवकों से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को देख लिया और डांट-फटकार लगाई, जिसके बाद वे वहां से चली गईं। छोटी बहन का आरोप है कि बाद में वहां दो युवक पहुंचे, जिनमें कुछ उसकी पहचान के थे। उसने उनके द्वारा गलत कृत्य किए जाने का आरोप लगाया है। लड़की ने बताया कि घटना के बाद वह वहीं सो गई थी। जब उसकी आंख खुली तो उसने अपनी बहन को पेड़ से लटका हुआ पाया। इसके बाद उसने परिवार को सूचना दी और फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
Up news: आरोपियों की तलाश में जुटीं तीन टीमें
एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि पीड़िता की बहन के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रानीपुर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। तीनों टीमें लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
सप्लीमेंट्री पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम की सप्लीमेंट्री रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी के साथ दुष्कर्म या सामूहिक दुष्कर्म जैसी कोई घटना हुई थी या नहीं। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी नशीले पदार्थ के इस्तेमाल का उल्लेख नहीं मिला है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
Up news: घटना के बाद मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ओडिशा में 755 नए डॉक्टरों और शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी, मेडिकल सेवाएं होंगी मजबूत








