UP News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पुलिस के एक दरोगा की कथित दबंगई का मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ लिया है। गन्ने का जूस बेच रहे एक नाबालिग किशोर को थप्पड़ मारने की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आ गया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना रविवार शाम की बताई जा रही है, जो लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी ब्लॉक मुख्यालय के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह की बाइक पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पान खाकर थूक दिया था, जिससे वह पहले से ही नाराज थे। इसी दौरान वहां मौजूद 14 वर्षीय किशोर विकास, जो गन्ने का जूस बेच रहा था, ने दरोगा को बाइक साफ करने के लिए कपड़ा दिया। आरोप है कि इसी बात पर दरोगा भड़क गए और उन्होंने किशोर को थप्पड़ मार दिया।
उत्तरप्रदेश- बस्ती में एक गरीब किशोर ठेला लगाता है. दारोगा शैलेन्द्र सिंह ने ठेला हटाने का आर्डर दिया. बच्चे ने नही हटाया तो उसकी पिटाई कर दी. यह बच्चा घंटों रोता रहा.
वीडियो वायरल होने के बाद दारोगा को सस्पैंड किया गया है. pic.twitter.com/4VNkasjnIE
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 20, 2026
थप्पड़ लगने के बाद किशोर मौके पर ही रोने लगा। यह देख आसपास मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस के इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई और दोषी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित विकास कक्षा 8 का छात्र है और पढ़ाई के साथ-साथ अपने पिता के काम में भी हाथ बंटाता है। घटना के समय उसके पिता भोजन करने गए थे और वह दुकान संभाल रहा था।
UP News: पुलिस ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं मामले में सीओ रुधौली कुलदीप ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि संबंधित दरोगा के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।








