UP News: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत के बाद एक बार फिर फरार चल रही शाइस्ता परवीन चर्चा में आ गई हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पिछले साढ़े तीन साल से फरार शाइस्ता अपने बेटे के जनाजे में शामिल होंगी? शाइस्ता परवीन 27 फरवरी 2023 से फरार हैं। उन पर उमेश पाल हत्याकांड में साजिश रचने, हमलावरों की मदद करने, ठगी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। ऐसे में अबान के अंतिम संस्कार को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।
पहले भी अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचीं शाइस्ता
यह पहली बार नहीं है जब शाइस्ता की मौजूदगी को लेकर चर्चा हो रही है। 13 अप्रैल 2023 को बेटे असद अहमद के एनकाउंटर के बाद भी पुलिस को उम्मीद थी कि वह जनाजे में पहुंच सकती हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके दो दिन बाद 15 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद हुए अंतिम संस्कार में भी शाइस्ता सामने नहीं आईं।
आपको बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद से उत्तर प्रदेश पुलिस, एसटीएफ, एटीएस और अन्य एजेंसियां लगातार शाइस्ता परवीन की तलाश में जुटी हैं। यूपी के कई जिलों के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और दिल्ली सहित कई राज्यों में छापेमारी की जा चुकी है। पुलिस 500 से अधिक स्थानों पर दबिश दे चुकी है और एयरपोर्ट पर लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन अब तक शाइस्ता का कोई सुराग नहीं मिल सका।
UP News: उमेश पाल हत्याकांड के बाद बढ़ीं मुश्किलें
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की हत्या के बाद जांच के दौरान शाइस्ता परवीन, अतीक की बहन आयशा और अशरफ की पत्नी जैनब को भी साजिश के आरोपों में नामजद किया गया। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इन लोगों ने हमलावरों को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई थी। आयशा और जैनब भी फिलहाल फरार हैं।
अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद एक बार फिर इस बात पर नजरें टिकी हैं कि क्या शाइस्ता परवीन बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सामने आएंगी या पहले की तरह इस बार भी फरार ही रहेंगी। इस संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
अतीक अहमद के पांच बेटों की स्थिति
• उमर अहमद – रंगदारी और अपहरण समेत कई मामलों में आरोपी, फिलहाल लखनऊ जेल में बंद।
• अली अहमद– उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी, झांसी जेल में बंद।
• असद अहमद– 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एसटीएफ एनकाउंटर में मारा गया।
• अहजम अहमद – परिवार के संरक्षण में रह रहा है।
• अबान अहमद – झांसी के पास सड़क हादसे में मौत।
ये भी पढ़े… अखिलेश यादव पर तंज कस बोले केशव मौर्य- ‘PDA बन गया गिरगिट, हर दिन बदल रहा रंग’








