UP POLITICS: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने सपा शासनकाल को “आतंकराज” करार दिया और आरोप लगाया कि उस दौरान दलितों और पिछड़ों पर सुनियोजित अत्याचार हुए। उन्होंने कहा कि अब वह जिलेवार घटनाओं का उल्लेख कर सपा सरकार का पूरा हिसाब जनता के सामने रखेंगे।
‘सपा का आतंकराज- पार्ट 1’ से शुरू किया अभियान
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत “सपा का आतंकराज- पार्ट 1” शीर्षक से की। उन्होंने लिखा कि जैसा उन्होंने पहले कहा था, अब रोज एक जिले की घटना सामने लाकर सपा शासनकाल की तस्वीर जनता को दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर के बाद अब सीतापुर की घटनाओं को याद दिला रहे हैं।
UP POLITICS: सीतापुर की घटनाओं का किया जिक्र
राजभर ने आरोप लगाया कि 2012 में चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद सीतापुर के रेवसा क्षेत्र के बिंबिया गांव में दलितों के 13 घर जला दिए गए, क्योंकि उन्होंने सपा को वोट नहीं दिया था। इसके अलावा 2015 में लहरपुर क्षेत्र के पट्टी देहलिया गांव में दलित बस्ती के 35 घरों में आग लगाने और दो बच्चों की मौत का भी जिक्र किया।
दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार का आरोप
सुभासपा प्रमुख ने कहा कि सपा शासन में वोट न देने वालों को निशाना बनाया जाता था और दलितों-पिछड़ों पर बर्बर अत्याचार होते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा, जिससे दोषियों का मनोबल बढ़ा।
UP POLITICS: अखिलेश को दी खुली चुनौती
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह सपा शासनकाल के “आतंकराज” की एक-एक घटना का हिसाब जनता के सामने रखेंगे। उन्होंने लिखा कि प्रदेश की जनता आज भी उन घटनाओं को याद कर सिहर उठती है और वह एक-एक जिले का पूरा हिसाब लेंगे।
ये भी पढ़े… भारत-इंग्लैंड पहले वनडे में इन खिलाड़ियों का चलेगा जादू, अकेले बदल सकते हैं मैच का रुख








