UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश की सियासत में एक नई हलचल देखने को मिल रही है। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं का बाज़ार गर्म कर दिया है। इस मुलाकात के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नए सहयोगियों की तलाश में जुट गई है और क्या स्वामी प्रसाद मौर्य उसके साथ नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
राजेंद्र पाल गौतम पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य के आवास
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम इन दिनों उत्तर प्रदेश में लगातार संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों में व्यस्त हैं। इसी क्रम में उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत की तस्वीरें स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम उनके आवास पर आए और दोनों के बीच औपचारिक भेंट एवं वार्ता हुई। हालांकि उन्होंने इसे केवल शिष्टाचार मुलाकात बताया, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे हैं।
UP Election 2027: क्या कांग्रेस और मौर्य साथ आएंगे?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने जनाधार को मजबूत करने के लिए नए सहयोगियों की तलाश में है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य जैसे ओबीसी चेहरे से मुलाकात को महज औपचारिक नहीं माना जा रहा। हालांकि अभी तक कांग्रेस या स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से किसी संभावित गठबंधन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस मुलाकात ने अटकलों को जरूर हवा दे दी है।
UP Election 2027: सपा-कांग्रेस रिश्तों को लेकर भी बढ़ी चर्चा
इस मुलाकात की टाइमिंग भी काफी अहम मानी जा रही है। हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हुई है। उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया था कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत प्रदर्शन करेगी और राज्य में उसकी सरकार बनने की पूरी संभावना है। उनके इस बयान के बाद दोनों दलों के भविष्य के राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई थीं।
कांग्रेस नए राजनीतिक समीकरण बनाने में सक्रिय
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लगातार नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है। इससे पहले भी राजेंद्र पाल गौतम बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिल सका और वे वापस लौट गए थे। अब स्वामी प्रसाद मौर्य से हुई मुलाकात को कांग्रेस की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
UP Election 2027: आने वाले दिनों में साफ होगी तस्वीर
फिलहाल स्वामी प्रसाद मौर्य और कांग्रेस के बीच हुई मुलाकात को दोनों पक्ष औपचारिक बता रहे हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच इस मुलाकात ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। क्या यह सिर्फ शिष्टाचार भेंट थी या फिर किसी बड़े राजनीतिक गठबंधन की शुरुआत, इसका जवाब आने वाले दिनों में ही सामने आएगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस मुलाकात ने सियासी हलचल जरूर बढ़ा दी है।
ये भी पढ़े……… E-20 के खिलाफ ‘AAP’ का अभियान, अरविंद केजरीवाल ने किया ये बड़ा ऐलान…








